Pages


Top Stories

Monday, April 19, 2010

मुख्यमंत्री निवास पर अब अगली पंचायत वरिष्ठजनों की

वरिष्ठजन स्पोर्ट्स कार्निवाल के पुरस्कार वितरण में मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि मुख्यमंत्री निवास पर पंचायतों की श्रंखला में अगली पंचायत वरिष्ठ नागरिकों की आयोजित होगी। श्री चौहान ने कहा कि पंचायत में वरिष्ठजनों के कल्याण की योजनाओं के साथ ही उनकी रचनात्मक ऊर्जा का प्रदेश के विकास में उपयोग संबंधी विचार-विमर्श किया जायेगा। 

Read Full Text......

Wednesday, March 24, 2010

हॉकी को बढ़ावा देने के लिये मप्र सरकार हर संभव सुविधा देगी - मुख्यमंत्री

 64वीं अखिल भारतीय औबेदुल्ला खां गोल्ड कप हॉकी स्पर्धा का शुभारंभ
अत्यधिक उल्लास के वातावरण और आतीशबाजी के बीच मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज यहां नवनिर्मित एशबाग स्टेडियम में 64वीं अखिल भारतीय औबेदुल्ला खां गोल्ड कप हॉकी स्पर्धा का शुभारंभ किया। स्पर्धा 29 मार्च तक चलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर प्रख्यात हॉकी उद्घोषक श्री जसदेव सिंह एवं पूर्व हॉकी ओलेंपिक खिलाड़ियों सर्वश्री हरविंदर सिंह, ईनामुर्रहमान, अजीत सिंह, असलमशेर खां, अशोककुमार ध्यानचन्द्र, अशोक दीवान, समीर दाद और जलाल उद्दीन का अभिनंदन किया।

Read Full Text......

Saturday, March 13, 2010

ओबेदुल्ला गोल्ड कप हॉकी टुर्नामेंट : लोकल राउंड 17 मार्च से

 टीमों की  एंट्री अनिवार्य रूप से दिनांक 15 मार्च 2010 तक
प्रसिद्ध ओबेदुल्ला गोल्ड कप हॉकी टुर्नामेंट में भाग लेने के लिए भोपाल की हॉकी टीमों का लोकल राउंड 17 मार्च 2010 से आरंभ होगा। इस प्रतियोगिता में भोपाल के सभी क्लब, शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों की टीम भाग ले सकती है।

Read Full Text......

Wednesday, March 10, 2010

मप्र के 52 हजार गांवों में खेल मैदान बनना शुरू

  गांव में ही मिलेगी  खेल अधोसंरचना एवं प्रशिक्षक
राज्य शासन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिये संकल्पित है। पांच हजार आबादी वाले गांवों में खेल मैदान बनाये जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल मैदानों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Read Full Text......

Tuesday, March 2, 2010

खिलाड़ियों के लिये कम न होंगे संसाधन - श्री चौहान

साई केन्द्र भोपाल में हुआ प्रदर्शन हॉकी मैच
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज भारतीय खेल प्राधिकरण के भोपाल के निकट बिसनखेड़ी स्थित मध्य क्षेत्र केन्द्र पहुंचकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हॉकी सहित जूडो, जल क्रीड़ा, बॉक्सिंग और कैनोईंग एवं क्याकिंग के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश में संसाधनों की कमी महसूस नहीं होने दी जायेगी। खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान दें

Read Full Text......

Saturday, February 13, 2010

प्रदेश के दो तैराक अंतर्राष्ट्रीय “सेल द गल्फ’’ रेगेटा में चयनित

16 से 20 फरवरी, 2010 तक आयोजित
दोहा के कतर में 16 से 20 फरवरी, 2010 तक आयोजित हो रही 18वीं कतर इन्टरनेशनल रेगेटा 2010 “सेल द गल्फ’’ अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 12 सदस्यीय भारतीय टीम में राज्य वाटर स्पोर्ट्स अकादमी सेलिंग के शिखर गर्ग एवं नेशनल सेलिंग स्कूल, भोपाल की एकता यादव का चयन किया गया है।
“सेल द गल्फ’’ में अकादमी के शिखर गर्ग एवं कु. एकता यादव आप्टीमिस्ट विधा में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में याटिंग एसोसिएशन ऑफ इण्डिया, नई दिल्ली द्वारा आगामी माहों में आयोजित होने वाली सेलिंग की एशियन चैम्पियनशिप, सेनवई एवं एशियन गेम्स 2010 की तैयारियों के लिए “नेशनल स्क्वाड  2010’’ का गठन किया गया है। इसके तहत खिलाड़ियों का आप्टिमिस्ट विधा में सिलेक्शन ट्रायल चैन्नई में आयोजित किया गया था, जिसमें अकादमी के डे-बोडिंग खिलाड़ी शिखर गर्ग एवं नेशनल सेलिंग स्कूल, भोपाल की एकता यादव का चयन “नेशनल स्क्वाड  2010’’ में हुआ था।

“नेशनल स्क्वाड  2010’’ में आप्टिमिस्ट विधा में देशभर से 10 बालक एवं 5 बालिकाओं का चयन किया गया था। इसमें YAI एवं भारत सरकार द्वारा प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है जिसमें चयनित खिलाड़ियों को वर्षभर रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करना, विदेश में जाकर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता में भाग लेना भी सम्मिलित है।

इसी तारतम्य में “सेल द गल्फ’’ दोहा कतर हेतु भारतीय सेलिंग टीम में देश के चयनित 7 बालक एवं 5 बालिकाओं का चयन किया गया है। भारतीय टीम मुम्बई से दोहा के लिये 15 फरवरी, 2010 को रवाना होगी एवं 21 फरवरी, 2010 को स्वदेश पहुंचेगी।

अकादमी एवं नेशनल सेलिंग स्कूल, भोपाल के खिलाड़ियों का चयन अंतर्राष्ट्रीय रेगेटा में होने पर संचालक खेल, श्री संजय चौधरी, संयुक्त संचालक खेल, डॉ. विनोद प्रधान, कर्नल मिलिंद प्रभु (रिटायर्ड) सलाहकार, वाटर स्पोर्ट्स एवं श्री पी. मधु, सेलिंग प्रशिक्षक ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनायें दीं।

Read Full Text......

Tuesday, February 9, 2010

स्वर्ण पदक विजेता कु. उज्वला को एक लाख का नगद पुरस्कार

11वें दक्षिण एशियाई (सेफ गेम्स)
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वर्ण पदक विजेता भारतीय कबड्डी टीम की सदस्य कु. उज्वला काठमोरे को एक लाख रूपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।उल्लेखनीय है कि ढाका (बांगलादेश) में आयोजित हो रही 11वें दक्षिण एशियाई (सेफ गेम्स) में भारतीय कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया है।

इंदौर की कु. उज्वला काठमोरे वर्तमान में खेल और युवा कल्याण में संविदा जिला कबड्डी खेल प्रशिक्षक के रूप में इंदौर में पदस्थ है।

Read Full Text......

Wednesday, February 3, 2010

राज्य पुरूष हॉकी अकादमी ने जीती

 शहीद नरेन्द्र सिंह चन्द्रावत अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता
मध्यप्रदेश राज्य पुरूष हॉकी अकादमी की टीम ने ग्वालियर के रेल्वे मैदान पर ''शहीद नरेन्द्र सिंह चन्द्रावत अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2010'' में बेहतरीन हॉकी का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता की विजेता ट्राफी के साथ राशि रूपये 10 हजार का नगद पुरस्कार जीता। यह प्रतियोगिता ग्वालियर में 28 जनवरी से 2 फरवरी 2010 तक सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में देश की 16 टीमों ने भागीदारी की।
''शहीद नरेन्द्र सिंह चन्द्रावत अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 2010'' में म.प्र. राज्य पुरूष हॉकी अकादमी की टीम के खिलाड़ियों ने क्वाटर फाइनल मैच में गुजरात साँई को 7-0 से करारी शिकस्त देते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में स्पोटर्स ग्वालियर की टीम को भी 10-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। एन.सी.आर. (नार्थ सेंट्रल रेल्वे) को रोमांचक फाइनल मुकाबले में 5-4 से पराजित कर प्रतियोगिता की विजेता ट्राफी एवं राशि रूपये 10 हजार का नगद पुरस्कार जीता। इसी पूरी प्रतियोगिता में अकादमी के मजहर कमाल- 2गोल, अर्न्तराष्ट्रीय खिलाड़ी अरमान कुरैशी- 4गोल, सुरेन्दर गोंड- 2गोल, विकास चौधरी- 4 गोल, कमलेश राय- 3गोल सहित अन्य खिलाड़ियों ने शानदार हॉकी का प्रदर्शन किया।

Read Full Text......

Friday, January 29, 2010

"भोपाल बनेगा महिला और पुरुष हॉकी का प्रमुख केन्द्र"

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया महिला हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान,
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज शाम मुख्यमंत्री निवास में आयोजित समारोह में भारतीय हॉकी टीम की 18 सदस्यों और पांच प्रशिक्षकों सहित कुल 23 सदस्यों को एक-एक लाख रूपये की राशि राज्य सरकार की ओर से प्रदान करते हुए उनका सम्मान किया।

इसके साथ ही खिलाड़ियों को भत्ते के रूप में 50 लाख रूपये की अतिरिक्त राशि भी महिला हॉकी टीम कप्तान सुरिन्दर कौर और पूर्व कप्तान ममता खरब को प्रदान की गई। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पूर्व वर्षों में भारत का नाम रौशन करने वाले ख्यात पुरूष हॉकी खिलाड़ी भी सम्मानित किये गये। खेल मंत्री श्री तुकोजीराव पवार इस अवसर पर उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने इस समारोह के माध्यम से उस त्रुटि को सुधारने का प्रयास किया है जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर महिला हॉकी खिलाड़ियों को एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बावजूद सम्मानित नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उनका महिला हॉकी खिलाड़ियों से आग्रह है कि वे भोपाल में ही बस जायें, यहां उन्हें आवश्यक मैदान, टर्फ एवं वे सभी सुविधाएं राज्य सरकार प्रदान करेगी जो हॉकी को उत्कृष्ट बनाने में सहयोगी हैं। यही नहीं खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में हिस्सा लेने के लिये ससम्मान तिलक लगाकर भेजने के साथ ही लौटने पर भव्य स्वागत की परंपरा प्रारंभ की जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसी वक्त भोपाल अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी के लिये जाना जाता था। हॉकी की इस नर्सरी के स्वर्णिम दिन वापस लौटाये जायेंगे। भोपाल में आगामी मार्च माह में औबेदुल्ला स्वर्ण कप राष्ट्रीय हॉकी स्पर्धा का आयोजन किया जायेगा। इसके लिये अभी से देश के प्रमुख हॉकी दलों से चर्चा प्रारंभ की जा रही है।
इस स्पर्धा में अव्वल आने वाले दल को पांच लाख रूपये एवं द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वालों को क्रमश: तीन लाख एवं दो लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भविष्य में औबेदुल्ला कप स्पर्धा को अंतर्राष्ट्रीय स्वरूप देते हुए भोपाल को महिला और पुरूष हॉकी का प्रमुख केन्द्र बनाया जायेगा। श्री चौहान ने कहा कि गत वर्ष एशिया कप में उपविजेता होने के बाद भी देश में महिला हॉकी टीम को यथोचित सम्मान न मिलना दुर्भाग्य का विषय है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला हॉकी खिलाड़ियों द्वारा सुविधाओं एवं वेतन भत्तों के लिये केन्द्र सरकार और हॉकी इंडिया के समक्ष किये गये प्रतिरोध का समर्थन करते हुए कहा कि महिला हॉकी खिलाड़ियों का संघर्ष सच्चा है, इसलिये मैंने स्वयं महिला हॉकी खिलाड़ियों के पक्ष में बांह पर काली पट्टी बांधी थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान से महिला हॉकी खिलाड़ियों को अपनी बेटी एवं बहन मानते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला हॉकी खिलाड़ियों को हॉकी इंडिया से अप्राप्त पुराने भत्तों की राशि मध्यप्रदेश सरकार की ओर से देते हुए कहा कि यह पचास लाख पूर्व में मध्यप्रदेश सरकार की ओर से भेजी गई एक करोड़ रूपये की राशि के अतिरिक्त हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला हॉकी खिलाड़ियों की परिश्रम भावना की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गत 24 जनवरी को एशियन गोल्ड कप की प्रतिभाशाली भारतीय महिला हॉकी टीम खिलाड़ियों को एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह घोषणा भारतीय महिला हॉकी टीम की साई, भोपाल में प्रशिक्षणरत महिला हॉकी खिलाड़ियों के समक्ष की थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा जिन भारतीय महिला हॉकी टीम खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, उनमें सुरिन्दर कौर, दीपिका मूर्ति, विनिता टोप्पो, प्रीति, सुनीला कीरो, रानीदेवी, सुभद्रा प्रधान, सविता, ममता खरब, दीपिका ठाकुर, जसजीत कौर, वर्तिका सिंह, रितुरानी, टी.एच. चनचन देवी, मोनिका बदरान, सौन्दर्या यान्डाला, मुक्ता बरला, सबा अंजुम, असुन्ता लाकरा के अलावा प्रशिक्षक श्री एम.के. कौशिक, वासु थापलीयाल, डॉ. आर. गांधी, विकास धवन, एम. बासवराजा शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा आज वरिष्ठ अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी सम्मानित किये गये। इनमें सर्वश्री इनामुर्रहमान, जलालउद्दीन रिजवी, समीर दाद, मो. यूसुफ, गोहर नजीब, जफर उद्दीन और अजीजउद्दीन शामिल थे।

खेल मंत्री श्री तुकोजी राव पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित कर देश के खेल जगत में इतिहास रचा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विशाल हृदय का परिचय देते हुए दुर्लभ उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रदेश में खेल गतिविधियों का बजट बढ़ाने के साथ ही मुख्यमंत्री श्री चौहान की सभी खेल घोषणाएं पूरी की गई हैं।
प्रदेश में 20 स्टेडियम निर्मित किये गये हैं। कुल 14 खेल अकादमियां खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रही हैं। घुड़सवारी एवं शूटिंग की दो नई खेल अकादमियां शीघ्र शुरू हो रही हैं। लगभग 800 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के गौरव में वृद्धि की है। समारोह में मुख्य हॉकी प्रशिक्षक श्री एम.के. कौशिक विशेष रूप से उपस्थित थे। खेल संचालक श्री संजय चौधरी ने आभार व्यक्त किया।

Read Full Text......

Sunday, January 17, 2010

कॉमन वेल्थ चैम्पियनशिप 2010 में प्रियंका दास ने जीता रजत पदक

 चैम्पियनशिप में 12 यूरोपियन देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया
सिंगापुर में 9 से 13 जनवरी 2010 तक सम्पन्न हुई ''कॉमन वेल्थ चैम्पियनशिप 2010'' के 48 किलो ग्राम भार वर्ग में राज्य मार्शल आर्ट अकादमी की जूडो खिलाड़ी कु. प्रियंका दास ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर रजत पदक पर कब्जा जमाया।

इस चैम्पियनशिप में 12 यूरोपियन देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें 23 सदस्यीय (सीनियर एवं जूनियर वर्ग सहित) भारतीय टीम में अकादमी की कु. प्रियंका दास ने चयनित होकर भारत का प्रतिनिधित्व किया।

कॉमन वेल्थ चैम्पियनशिप 2010 के -48 किलो ग्राम भार वर्ग में कु. प्रियंका दास ने न्यूजीलैंड एवं आस्ट्रेलिया के खिलाड़ी को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में मात्र 1 अंको के अंतर से कु. प्रियंका दास मॉरीशस की खिलाड़ी से पराजित हुई एवं रजत पदक अर्जित किया। कु. दास कॉमन वेल्थ चैम्पियनशिप 2010 के लिए 23 दिसम्बर 2009 से 8 जनवरी 2010 तक हैदराबाद में आयोजित हुए भारतीय जूडो टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षणरत थी।

यहॉ उल्लेखनीय है कि कु. प्रियंका दास ने हॉल ही में सम्पन्न हुई जूनियर एशियन चैम्पियनशिप, लैबनान में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 1 कॉस्य पदक अर्जित किया है तथा वर्ष 2009 में आयोजित हुई राष्ट्रीय जूडो चैम्पियनशिप 2009 के -52 किलो ग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अर्जित किया था।
संचालक खेल- श्री संजय चौधरी ने कु. प्रियंका दास के पदक अर्जित करने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि कु. प्रियंका उभरती हुई खिलाड़ी हैं तथा हमें आशा है कि आगे आने वाले समय में भी ये इसी खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं अर्न्तराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

कु. प्रियंका दास के पदक अर्जित करने पर अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती रंजना चौधरी, संयुक्त संचालक खेल डॉ0 विनोद प्रधान, प्रशासक राज्य खेल अकादमी श्री पी.एस. बुन्देला एवं अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक श्रीमती बिट्टू शर्मा ने बधाई दी।

Read Full Text......

Sunday, January 3, 2010

राज्य अकादमी के घुड़सवारों ने जीते 9 पदक

 पृथ्वी सिंह यादव ने दो स्वर्ण पदक एवं बेस्ट राईडर का खिताब जीत
दिल्ली में 23-30 दिसम्बर 2009 तक आयोजित हुई जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप में राज्य घुड़सवारी अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार घुड़सवारी का प्रदर्शन करते हुए 9 पदक जीते हैं। इसमें दो स्वर्ण, दो रजत एवं पांच काँस्य पदक शामिल हैं। पृथ्वी सिंह यादव ने दो स्वर्ण पदक एवं बेस्ट राईडर का खिताब हासिल किया है।
इस चैम्पियनशिप में 11 खिलाड़ियों ने ड्रेसाज, जम्पिंग, चिल्ड्रन एवं वनडे इवेंट में भाग लिया। इस चैम्पियनशिप में देश के 250 खिलाड़ियों ने भागीदारी की।
जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप में राज्य घुड़सवारी अकादमी के पृथ्वी सिंह यादव ने वनडे ईवेट में स्वर्ण, ड्रेसाज टीम ईवेंट में स्वर्ण, ड्रेसाज व्यक्तिगत में रजत, जम्पिंग जूनियर वर्ग एवं चिल्ड्रन वन में 1-1 कांस्य पदक अर्जित किए।
इस चैम्पियनशिप में पृथ्वी सिंह यादव ने 17 अंक अर्जित करते हुए चैम्पियनशिप के बेस्ट राईडर के खिताब पर भी कब्जा जमाया। इसी प्रकार जिशान मलिक ने ड्रेसाज टीम ईवेंट में रजत पदक एवं चिल्ड्रन वन जम्पिंग ईवेंट के व्यक्तिगत वर्ग में 1 काँस्य पदक, सिद्धार्थ यादव ने चिलड्रन वन जम्पिंग ईवेंट में काँस्य पदक तथा अर्जुन राठौर ने चिल्ड्रन 2 जम्पिंग ईवेंट मे 1 काँस्य पदक अर्जित किया।
नेशनल चैम्पियनशिप में राज्य घुड़सवारी अकादमी के घुड़सवारों द्वारा पदक अर्जित करने पर अपर मुख्य सचिव खेल, श्रीमती रंजना चौधरी, संचालक खेल, श्री संजय चौधरी, संयुक्त संचालक खेल, डॉ0 विनोद प्रधान एवं प्रशासक राज्य खेल अकादमी, श्री पी.एस. बुन्देला ने खिलाड़ियों ने प्रशिक्षक श्री भौमसिंह भाटी को बधाई दी है।

Read Full Text......

Saturday, January 2, 2010

राज्य पुरुष हॉकी अकादमी बनी उपविजेता

भुसावल में खेली गई ऑल इण्डिया रेग हॉकी चैम्पियनशिप
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य पुरुष हॉकी अकादमी की टीम वर्ष के पहले ही दिन दोपहर 3 बजे भुसावल में खेली गई ऑल इण्डिया रेग हॉकी चैम्पियनशिप में महाराष्ट्र पुलिस की टीम से चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला खेलते हुए चैम्पियनशिप की उपविजेता बनी। 
महाराष्ट्र के भुसावल स्थित रेल्वे हॉकी मैदान पर 28 दिसम्बर, 09 से एक जनवरी, 2010 तक खेली गई इस चैम्पियनशिप में देश की 16 टीमों ने भागीदारी की।ऑल इण्डिया रेग हॉकी चैम्पियनशिप के फाइनल में महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने अकादमी को 3-1 से पराजित किया। 
जिसमें अकादमी की तरफ से मैच के 17वें मिनट में सुरेन्द्र ने एक गोल किया। इस तरह राज्य पुरुष हॉकी अकादमी की टीम ऑल इण्डिया रेग हॉकी चैम्पियनशिप की उपविजेता बनी।
फाइनल मुकाबले से पहले राज्य पुरुष हॉकी अकादमी की टीम ने क्वाटर फाइनल मुकाबले में डी.एच.ए. जलगाँव को 8-1 से रौंदते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। जिसमें अकादमी के उभरते हुए अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अरमान कुरैशी ने 2 गोल, उपेंद्र पिल्ले ने 3 गोल एवं फरदीन, रमाशंकर तथा सुरेन्दर ने 1-1 गोल दागे। सेमी फाइनल मैच में अकादमी ने औरंगाबाद सॉई को 4-1 से हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया था। 
जिसमें अकादमी के विकास ने 2 गोल एवं अरमान तथा उपेंद्र पिल्ले ने 1-1 गोल दागे। यहां उल्लेखनीय है कि 'ऑल इण्डिया रेग हॉकी चैम्पियनशिप' में मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी की टीम ने पहली बार भाग लिया है एवं पहली ही बार में चैम्पियनशिप का फाइनल खेला।
मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी की टीम के प्रतियोगिता में उपविजेता बनने पर अपर मुख्य सचिव खेल, श्रीमती रंजना चौधरी, संचालक खेल, श्री संजय चौधरी, संयुक्त संचालक खेल, डॉ. विनोद प्रधान तथा प्रशासक राज्य खेल अकादमी, श्री पी.एस. बुन्देला ने टीम को बधाई दी।

Read Full Text......

Thursday, December 31, 2009

वूशु खिलाड़ियों ने किया प्रदेश का नाम रोशन

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते 18 पदक

छत्तीसगढ़ के राजनंद गाँव में 24 से 29 दिसम्बर, 2009 तक आयोजित हुई 9वीं जूनियर राष्ट्रीय वूशु चैम्पियनशिप 2009 का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में राज्य मार्शल अकादमी के वूशु खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए एक बार फिर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

खिलाड़ियों ने वर्ष 2009 की समाप्ति पर 18 पदक जीत कर प्रदेश को देश में द्वितीय स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें पांच स्वर्ण, सात रजत तथा छह काँस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में राज्य मार्शल अकादमी के 15 खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश की 24 सदस्यीय वूशु टीम में चयनित होकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था।
इस चैम्पियनशिप में देश के 700 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। मध्यप्रदेश वूशु टीम के प्रशिक्षक का दायित्व राज्य मार्शल अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक श्रीमती सारिका मनोज गुप्ता को सौंपा गया था। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार ने अकादमी के वूशु खिलाड़ियों द्वारा पदक अर्जित करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
चैम्पियनशिप में मणिपुर ने प्रथम स्थान तथा मध्यप्रदेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अकादमी एवं प्रदेश के खिलाड़ियों ने सांशू स्पर्धा में द्वितीय एवं ताउलू स्पर्धा में तृतीय स्थान अर्जित किया है। अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा पदक अर्जित करने पर अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती रंजना चौधरी, संचालक खेल श्री संजय चौधरी, संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान एवं प्रशासक राज्य खेल अकादमी श्री पी.एस. बुन्देला ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Read Full Text......

प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा नये कीर्तिमान स्थापित

तीन माह में खिलाड़ियों ने 77 पदक अर्जित कर म.प्र. को किया गौरवान्वित
मध्यप्रदेश में खेल एवं खिलाड़ियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर गत तीन माह में नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं। इस दौरान खिलाड़ियों ने 77 पदक अर्जित कर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है। 
इनमें से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आठ पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर 69 पदक अर्जित किये गये। इसी प्रकार अकादमियों के 18 खिलाड़ियों ने पिछले तीन माह में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश की कराते अकादमी के छह खिलाड़ियों का चयन साउथ एशियन गेम्स (सेफ गेम्स) 2010 के लिये भी हुआ है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित अकादमियों के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दो स्वर्ण तथा छह काँस्य पदक, राष्ट्रीय स्तर पर 19 स्वर्ण, तीन रजत तथा 20 काँस्य पदक अर्जित किये हैं। इसमें 15 से 18 अक्टूबर, 2009 तक जोहान्सबर्ग (दक्षिण अफ्रीका) में आयोजित पांचवीं कॉमनवेल्थ कराते प्रतियोगिता में दो स्वर्ण एवं दो काँस्य पदक, इण्डिया इन्टरनेशनल सेलिंग एक से आठ नवम्बर, 2009 तक चैन्नई में आयोजित सेलिंग में दो काँस्य पदक, 12 से 15 नवम्बर, 2009 तक लेबनॉन में आयोजित जूनियर एशियन जूडो चैम्पियनशिप में एक काँस्य पदक तथा 11 से 14 दिसम्बर, 2009 तक अस्ताना (कज़ाकिस्तान) में आयोजित इन्टरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में एक काँस्य पदक अर्जित किया जाना शामिल है।
इसी प्रकार अकादमी के खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पिछले तीन माह में 69 पदक अर्जित किये हैं। इनमें से 19 स्वर्ण, 30 रजत एवं 20 काँस्य पदक राष्ट्रीय स्तर पर अर्जित किया जाना सम्मिलित हैं। इसी तरह पश्चिम क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 13 से 18 अक्टूबर, 2009 तक भोपाल में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने 12 पदक अर्जित किये हैं। इनमें चार स्वर्ण, चार रजत एवं चार काँस्य पदक शामिल हैं।

Read Full Text......

Saturday, December 26, 2009

सैफ गेम्स 2010 के लिए भारतीय कराते टीम में मप्र के 5 खिलाड़ियों का चयन

खिलाड़ियों का चयन काता एवं कुमीते स्पर्धा में किया गया
बांग्लादेश के ढाका शहर में 29 जनवरी से 06 फरवरी 2010 तक सैफ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। सैफ गेम्स 2010 में कराते खेल में भाग लेने वाली भारतीय टीम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य मार्शल आर्ट अकादमी में प्रशिक्षणरत 5 खिलाड़ियों का चयन काता एवं कुमीते स्पर्धा में किया गया है।काता स्पर्धा के लिए श्री विकास शर्मा, व्यक्तिगत पुरूष वर्ग, कु. संध्या चंद्राकर, व्यक्तिगत महिला वर्ग, कु. संध्या चंद्राकर, दिव्या एवं माया, महिला टीम वर्ग में चयन हुआ है। इसी प्रकार कुमीते स्पर्धा में श्री पारितोष शर्मा, अंडर ़67 किलो ग्राम भार वर्ग व्यक्तिगत पुरूष वर्ग में चयन किया जाना शामिल है।
उल्लेखनीय है कि एक माह पूर्व एशियन गेम्स हेतु कराते की संभावित भारतीय टीम में उक्त खिलाड़ियों का चयन हुआ है। संभावित भारतीय टीम से ही उक्त खिलाड़ियों का चयन सैफ गेम्स 2010 के लिए किया गया है।
अकादमी के खिलाड़ियों के सैफ गेम्स 2010 की भारतीय टीम में चयनित होने पर अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती रंजना चौधरी, संचालक खेल, श्री संजय चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।

Read Full Text......

Tuesday, December 22, 2009

अखिल भारतीय विश्वविद्यालयीन बॉक्सिंग प्रतियोगिता बनारस म

साई प्रशिक्षण केन्द्र के बॉक्सरों ने जीते पदक
अखिल भारतीय विश्वविद्यालयीन बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन गत 15 से 20 दिसम्बर तक बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा बनारस में किया गया। इस प्रतियोगिता में 450 प्रतिभागियों ने भाग लिया। भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केन्द्र भोपाल के बॉक्सरों ने पदक अर्जित किये हैं।प्रतियोगिता में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल की तरफ से साई प्रशिक्षण केन्द्र भोपाल के प्रशिक्षणार्थी प्रताप सिंह कुशवाह ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में प्रारंभिक मुकाबलों में जोधपुर विश्वविद्यालय को एवं जबलपुर विश्वविद्यालय को पहले ही राउण्ड में नॉक आउट करके जीत दर्ज की। 
प्री-क्वार्टर मुकाबले में दिल्ली विश्वविद्यालय को 3-2 के अंतराल से पराजित किया। क्वार्टर फायनल में जामिया मिलिया विश्वविद्यालय दिल्ली को 6-1 के स्कोर से पराजित किया। साथ ही सेमीफायनल में पंजाब विश्वविद्यालय पटियाला से अंकों के आधार पर पराजित होकर कॉस्य पदक जीता।
इसी प्रकार साई प्रशिक्षण केन्द्र भोपाल के गजेन्द्र सिंह चौहान ने 81 किलोग्राम भार वर्ग में अमरावती विश्वविद्यालय, उदयपुर विश्वविद्यालय, रोहिलखण्ड विश्वविद्यालय, एमडीयू विश्वविद्यालय रोहतक एवं फायनल में पंजाब विश्वविद्यालय पटियाला को 5-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। गजेन्द्र सिंह चौहान पिछले वर्ष भी 75 किलोग्राम भार वर्ग के स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं।
उत्कृष्ट केन्द्र भोपाल के प्रशिक्षणार्थी योगेन्द्र सिंह ने भी 51 किलोग्राम भार वर्ग में अन्नामलाई विश्वविद्यालय, मुम्बई विश्वविद्यालय, बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय एवं एम.जी.एम. विश्वविद्यालय को हराकर कॉस्य पदक जीता है।

Read Full Text......

Saturday, December 19, 2009

अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर कृष्णा थापा ने किया प्रदेश का नाम रोशन

 खेल युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार ने दी बधाई
कजाकिस्तान के अस्ताना शहर में गत 12 से 16 दिसम्बर तक आयोजित ''अर्न्तराष्ट्रीय सीनियर महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप'' सम्पन्न हुई। इस चैम्पियनशिप'' में अकादमी की कृष्णा थापा ने शानदार मुक्केबाजी का प्रदर्शन करते हुए 46 किलो ग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अर्जित किया।

वही दूसरी ओर भारत की शेष 7 मुक्केबाजों ने चैम्पियनशिप में तीन रजत एवं एक कांस्य पदक सहित भारत के खाते में कुल पांच पदक जमा किए। खेल युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार ने अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर अकादमी की कृष्णा थापा के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनांए दी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि कृष्णा थापा भविष्य में भी ओर बेहतर प्रदर्शन कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
चैम्पियनशिप में 9 देशों सहित कजाकिस्तान की 4 टीमों ने भाग लिया। चैम्पियनशिप में भारत की 8 महिला मुक्केबाजों ने भागीदारी की। इस प्रतियोगिता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य मार्शल आर्ट अकादमी में प्रशिक्षणरत एवं मध्यप्रदेश से एकमात्र खिलाड़ी कु. कृष्णा थापा ने 46किलो ग्राम भार वर्ग में भागीदारी की। इस चैम्पियनशिप में राज्य मार्शल आर्ट अकादमी के मुख्य बॉक्सिंग प्रशिक्षक श्री रोशनलाल को भारतीय टीम के प्रशिक्षक की बागडोर सौंपी गई थी।
उल्लेखनीय है कि अकादमी की कृष्णा थापा ने पहली बार अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर मुक्केबाजी का प्रदर्शन किया है एवं कृष्णा थापा प्रदेश की एकमात्र अर्न्तराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज बनी हैं। इससे पूर्व कृष्णा थापा ने हॉल ही में जमशेदपुर में आयोजित हुई सीनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक सहित बेस्ट बॉक्सर का खिताब जीता था।
यह वही प्रतियोगिता है जिसमें कृष्णा थापा ने फाइनल मुकाबले में अर्न्तराष्ट्रीय खिलाड़ी मैरीकॉम को 46 किलो ग्राम में पराजित करने वाली हरियाणा की कु. पिंकी जावड़ा कोे पराजित किया था। इसके अतिरिक्त गोवा में आयोजित हुई यूथ नेशनल प्रतियोगिता में भी कृष्णा थापा ने स्वर्ण पदक सहित बेस्ट बॉक्सर का खिताब जीता था।
इस अवसर पर संचालक खेल श्री संजय चौधरी ने कहा कि हमें गर्व है कि विभाग द्वारा स्थापित की गई अकादमी में गहन प्रशिक्षण के फलस्वरूप अर्न्तराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी को तैयार किया गया है, जिसने भारत एवं मध्यप्रदेश के लिए पहली बार अर्न्तराष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक अर्जित किया है। कृष्णा थापा उभरती हुई प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, इनका भविष्य उज्जल है, उम्मीद है कि आने वाले ओलंपिक खेलों में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अकादमी की कृष्णा थापा द्वारा अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने पर अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती रंजना चौधरी सहित अन्य अधिकारीयों ने बधाई दी है।

Read Full Text......

Friday, December 11, 2009

अंतर्राष्ट्रीय महिला सीनियर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप कजाकिस्तान में 12 से

 मध्यप्रदेश की कृष्णा थापा भाग लेने के लिये रवाना
कजाकिस्तान के अस्ताना शहर में 12 से 16 दिसम्बर 2009 तक ''अर्न्तराष्ट्रीय महिला सीनियर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप'' आयोजित हो रही है। इस चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली भारतीय 8 सदस्यी महिला मुक्केबाजों की टीम में राज्य मार्शल आर्ट अकादमी में प्रशिक्षणरत कु. कृष्णा थापा का चयन 48 किलो ग्राम भार वर्ग में किया गया है।
इस अर्न्तराष्ट्रीय चैम्पियनशिप में विश्व के समस्त देशों की प्रत्येक देश से 8 महिला मुक्केबाज भाग ले रही हैं। चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए भारतीय टीम आज दिल्ली से रवाना हुई। चैम्पियनशिप में श्री सागर मल धायन रेल्वे एवं श्री रौशनलाल मुख्य प्रशिक्षक राज्य मार्शल आर्ट अकादमी को भारतीय टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है।
''अर्न्तराष्ट्रीय महिला सीनियर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप'' में राज्य मार्शल आर्ट अकादमी की कृष्णा थापा के अलावा बिनलाल धोती त्रिपुरा, 48 किलो ग्राम भार वर्ग, नीना कुमारी ऑल इंडिया पुलिस, 51 किलो ग्राम भार वर्ग, सुनीता यादव रेल्वे, 54 किलो ग्राम भार वर्ग, प्रियंका चौधरी उत्तराखंड, 57 किलो ग्राम भार वर्ग, मीना रानी उत्तरप्रदेश, 60 किलो ग्राम भार वर्ग, अरूणा मिश्रा ऑल इंडिया पुलिस, 64 किलो ग्राम भार वर्ग, जैनी आर.एल. ऑल इंडिया पुलिस, 75 किलो ग्राम भार वर्ग भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उल्लेखनीय है कि यह पहला अवसर है जब अकादमी की कृष्णा थापा अर्न्तराष्ट्रीय चैम्पियनशिप में अपनी मुक्केबाजी का प्रदर्शन करेंगी। इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर ''यूथ नेशनल बॉक्सिंग चैम्पियनशिप, गोवा एवं ''सीनियर महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप, जमशेदपुर में कृष्णा थापा ने सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज का खिताब अपने नाम किया था।
भारतीय टीम में कृष्णा थापा के चयन पर अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती रंजना चौधरी, संचालक खेल श्री संजय चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी हैं।

Read Full Text......

Wednesday, December 2, 2009

भोपाल के दो एथलेटिक्स प्रशिक्षणार्थियों को दो स्वर्ण पदक

मनीराम पटेल एवं बसंतलाल पटेल  को
आंध्रप्रदेश तथा अमृतसर में दो राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन गत माह नवम्बर में हुआ। इन प्रतियोगिताओं में भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केन्द्र भोपाल के दो एथलेटिक्स प्रशिक्षणार्थियों ने दो स्वर्ण पदक अर्जित किये हैं। इनमें मनीराम पटेल एवं बसंतलाल पटेल शामिल हैं। इन एथलेटिक्स ने दो विभिन्न राष्ट्रीय एथलेक्टिक्स प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीता है।
केन्द्र प्रभारी भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केन्द्र भोपाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आंध्रप्रदेश के वारंगल जिले में गत 17 से 21 नवम्बर तक 25वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप आयोजित हुई। इस राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में मनीराम पटेल ने 10 हजार मीटर पैदल चाल में 46 मिनट 08.4 सेकेण्ड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता है।
इसी प्रकार अमृतसर में गत 23 से 28 नवम्बर तक आयोजित 55वीं राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बसंतलाल पटेल ने 800 मीटर दौड़ में 1.58.00 मिनट का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने पर भारतीय खेल प्राधिकरण केन्द्रीय केन्द्र के प्रभारी निदेशक श्री आर.के. नायडू, उप निदेशक श्री राजिन्दर सिंह, केन्द्र प्रभारी श्री शाहनवाज खान एवं अन्य साई के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

Read Full Text......

Wednesday, November 25, 2009

मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने जीते 12 पदक

 राष्ट्रीय पंचायत युवा क्रीड़ा और खेल अभियान (पायका)
चैन्नई 21 से 24 नवम्बर तक आयोजित हुई “राष्ट्रीय पंचायत युवा क्रीड़ा और खेल अभियान (पायका) चैम्पियनशिप प्रथम समूह 2009’’ में मध्यप्रदेश की ताइक्वांडो, बास्केटबाल, कुश्ती, वैट लिफ्टिंग एवं एथलेटिक्स की टीमों ने भाग लिया।

चैम्पियनशिप में प्रदेश की ताइक्वांडों, कुश्ती एवं वैट लिफ्टिंग टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश को 2 स्वर्ण, 4 रजत एवं 6 कांस्य पदकों सहित कुल 12 पदक दिलाकर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
“राष्ट्रीय पंचायत युवा क्रीड़ा और खेल अभियान (पायका) चैम्पियनशिप प्रथम समूह’’ में प्रदेश की कुश्ती टीम के खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक के साथ कुल 4 पदक अर्जित किए। वैट लिफ्टिंग की खिलाड़ी याशिक राय ने तमिलनाडु को पराजित कर 1 स्वर्ण पदक अर्जित किया। ताइक्वांडों टीम के खिलाड़ियों ने 2 रजत एवं 5 कांस्य कुल 7 पदक जीते। इस तरह पहली बार आयोजित हुई पायका की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश ने 12 पदक अर्जित किए। प्रदेश की टीमें कल चैन्नई से रवाना होकर 26 नवम्बर को भोपाल पहुंच रही है।
यहां ज्ञात हो कि हाल ही में “द्वितीय राज्यस्तरीय पंचायत युवा क्रीड़ा और खेल अभियान (पायका) प्रतियोगिता 2009’’ का आयोजन टी.टी. नगर स्टेडियम परिसर में 17-18 नवम्बर, 09 तक किया गया था। जिसमें प्रदेश के 7 संभाग भोपाल, सागर, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा के लगभग 700 खिलाड़ियों ने भागीदारी की थी। इसी प्रकतियोगिता से “राष्ट्रीय पंचायत युवा क्रीड़ा और खेल अभियान (पायका) चैम्पियनशिप प्रथम समूह के लिए प्रदेश की ताइक्वांडों, बास्केटबाल, कुश्ती, वैट लिफ्टिंग एवं एथलेटिक्स की टीमों का चयन किया गया था।
प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा पायका की चैम्पियनशिप में पदक अर्जित करने पर अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती रंजना चौधरी, संचालक खेल श्री संजय चौधरी तथा संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान ने प्रसन्नता व्यक्त की।

Read Full Text......
Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio