Pages


Top Stories

Thursday, December 31, 2009

प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा नये कीर्तिमान स्थापित

तीन माह में खिलाड़ियों ने 77 पदक अर्जित कर म.प्र. को किया गौरवान्वित
मध्यप्रदेश में खेल एवं खिलाड़ियों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर गत तीन माह में नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं। इस दौरान खिलाड़ियों ने 77 पदक अर्जित कर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है। 
इनमें से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आठ पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर 69 पदक अर्जित किये गये। इसी प्रकार अकादमियों के 18 खिलाड़ियों ने पिछले तीन माह में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश की कराते अकादमी के छह खिलाड़ियों का चयन साउथ एशियन गेम्स (सेफ गेम्स) 2010 के लिये भी हुआ है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित अकादमियों के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दो स्वर्ण तथा छह काँस्य पदक, राष्ट्रीय स्तर पर 19 स्वर्ण, तीन रजत तथा 20 काँस्य पदक अर्जित किये हैं। इसमें 15 से 18 अक्टूबर, 2009 तक जोहान्सबर्ग (दक्षिण अफ्रीका) में आयोजित पांचवीं कॉमनवेल्थ कराते प्रतियोगिता में दो स्वर्ण एवं दो काँस्य पदक, इण्डिया इन्टरनेशनल सेलिंग एक से आठ नवम्बर, 2009 तक चैन्नई में आयोजित सेलिंग में दो काँस्य पदक, 12 से 15 नवम्बर, 2009 तक लेबनॉन में आयोजित जूनियर एशियन जूडो चैम्पियनशिप में एक काँस्य पदक तथा 11 से 14 दिसम्बर, 2009 तक अस्ताना (कज़ाकिस्तान) में आयोजित इन्टरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में एक काँस्य पदक अर्जित किया जाना शामिल है।
इसी प्रकार अकादमी के खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पिछले तीन माह में 69 पदक अर्जित किये हैं। इनमें से 19 स्वर्ण, 30 रजत एवं 20 काँस्य पदक राष्ट्रीय स्तर पर अर्जित किया जाना सम्मिलित हैं। इसी तरह पश्चिम क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 13 से 18 अक्टूबर, 2009 तक भोपाल में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने 12 पदक अर्जित किये हैं। इनमें चार स्वर्ण, चार रजत एवं चार काँस्य पदक शामिल हैं।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio