Pages


Top Stories

Thursday, December 31, 2009

वूशु खिलाड़ियों ने किया प्रदेश का नाम रोशन

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते 18 पदक

छत्तीसगढ़ के राजनंद गाँव में 24 से 29 दिसम्बर, 2009 तक आयोजित हुई 9वीं जूनियर राष्ट्रीय वूशु चैम्पियनशिप 2009 का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में राज्य मार्शल अकादमी के वूशु खिलाड़ियों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए एक बार फिर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

खिलाड़ियों ने वर्ष 2009 की समाप्ति पर 18 पदक जीत कर प्रदेश को देश में द्वितीय स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें पांच स्वर्ण, सात रजत तथा छह काँस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता में राज्य मार्शल अकादमी के 15 खिलाड़ियों ने मध्यप्रदेश की 24 सदस्यीय वूशु टीम में चयनित होकर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था।
इस चैम्पियनशिप में देश के 700 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। मध्यप्रदेश वूशु टीम के प्रशिक्षक का दायित्व राज्य मार्शल अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक श्रीमती सारिका मनोज गुप्ता को सौंपा गया था। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार ने अकादमी के वूशु खिलाड़ियों द्वारा पदक अर्जित करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
चैम्पियनशिप में मणिपुर ने प्रथम स्थान तथा मध्यप्रदेश ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अकादमी एवं प्रदेश के खिलाड़ियों ने सांशू स्पर्धा में द्वितीय एवं ताउलू स्पर्धा में तृतीय स्थान अर्जित किया है। अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा पदक अर्जित करने पर अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती रंजना चौधरी, संचालक खेल श्री संजय चौधरी, संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान एवं प्रशासक राज्य खेल अकादमी श्री पी.एस. बुन्देला ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio