Pages


Top Stories

Monday, March 8, 2010

प्रदेश में चार बहादुर महिलाओं का सम्मान करेंगे मुख्यमंत्री

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को भोपाल की चार बहादुर महिलाओं का सम्मान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल की अशोका गार्डन निवासी श्रीमती संध्या पांडे जिन्होंने एक लुटेरे का पीछा कर उसे अपने कृत्य करने से रोका था।

Read Full Text......

Friday, February 19, 2010

भोपाल जिले में वाटर शेड मिशन के अंतर्गत 62 हजार हेक्टेयर भूमि

मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जलग्रहण समितियां  बनेंगी 
भोपाल जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा के पानी के उचित उपयोग एवं भूमि में जल स्तर को बढ़ाने के लिये राजीव गांधी जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन मिशन के अंतर्गत अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छे परिणाम देखन में आये हैं।
मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में जलग्रहण समितियां बनाकर अधिक से अधिक जल सरंचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इस योजना में मिट्टी एवं पानी के उपचार के साथ-साथ स्वालम्बन दलों एवं महिलाओं को आयमूलक गतिविधियों से जोड़कर उनके लिये आजीविका के अवसर सृजित किये जा रहे हैं। 
जिले में वाटर शेड मिशन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लगभग 62 हजार हेक्टेयर भूमि को उपचारित किये जाने का कार्यक्रम है। भोपाल जिले के वाटर शेड मिशन के कार्यों का पिछले दिनों उप राष्ट्रपति डॉ. हामिद अंसारी ने ग्राम बगरोदा पहुँचकर अवलोकन किया था। उन्होंने जिले में वाटर शेड मिशन के कार्यों की प्रशंसा भी की थी।
वाटर शेड की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 62 हजार हेक्टेयर भूमि को उपचारित किये जाने का कार्यक्रम

नरेगा में भी वाटर शेड योजना का लाभ चयनित 90 गाँव को दिलाया जायेगा

वाटर शेड मिशन के बेहतर क्रियान्वयन के लिये महिलाओं के स्व सहायता समूह के गठन पर विशेष ध्यान


जिले में एकीकृत पड़त भूमि विकास कार्यक्रम के अंतर्गत तीन परियोजनाएं स्वीकृत की गयी हैं। इन योजनाओं के क्रियान्वयन पर लगभग साढ़े आठ करोड़ रूपये की राशि खर्च की जायेगी और इससे लगभग 14 हजार हेक्टेयर भूमि में जल संग्रहण का कार्य किया जायेगा। तीन परियोजनाओं में से पहली योजना पर लगभग तीन करोड़ रूपये की राशि व्यय कर 4 हजार 750 हेक्टेयर भूमि का उपचार किया गया है। दूसरी योजना पर लगभग दो करोड़ 35 लाख रूपये की राशि व्यय कर 3700 हेक्टेयर भूमि को उपचारित किया जा चुका है। तीसरी योजना में लगभग दो करोड़ रूपये की राशि व्यय कर 3300 क्षेत्र को उपचारित किया जा चुका है।

भोपाल जिले में राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (नरेगा) के अंतर्गत भी वाटर शेड की पांच परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है। इन पांच परियोजनाओं में 22 करोड़ 40 लाख रूपये की राशि की मंजूरी दी गयी है। इस परियोजना में 90 गाँव की लगभग 28 हजार हेक्टेयर भूमि का उपचार किया जायेगा। नरेगा में वाटर शेड का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

भोपाल जिले में एकीकृत जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन कार्यक्रम (आईडब्ल्यूएमपी) के अंतर्गत चार परियोजनाएं स्वीकृत की गयी हैं। इन परियोजनाओं के लिये 24 करोड़ रूपये की राशि को मंजूरी दी गयी है। वाटर शेड की इस परियोजना के जरिये चयनित क्षेत्र की 20 हजार हेक्टेयर भूमि का उपचार किया जायेगा।

जिले में वर्षा के पानी के उचित संग्रहण के लिये ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक तौर पर जन जागृति का अभियान भी चलाया जा रहा है।

Read Full Text......

Sunday, December 20, 2009

शुरू हुआ बाल रंग समारोह

 विभिन्न राज्यों के लगभग 1500 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे ह
भोपाल में आज से दो दिवसीय राष्ट्रीय बाल रंग समारोह की शुरूआत हुई। राष्ट्रीय बाल रंग समारोह में विभिन्न राज्यों के लगभग 1500 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
राष्ट्रीय बाल रंग समारोह में आज साहित्यिक प्रतियोगिताएं एवं नि:शक्त एवं मदरसा के बच्चों की प्रतियोगिताएं हुई। समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी को लगभग 6 हजार बच्चों ने देखा। छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर ज्ञानोपयोगी जानकारी हासिल की।
समारोह में देवास के छात्र-छात्राओं ने जल रांगोली, होशंगाबाद के छात्र-छात्राओं ने सूर्य-चंद्रगहण व तारामंडल बनाया। राजगढ़ के झिरी संस्कृत ग्राम के सौ छात्रों ने अपनी प्रस्तुति दी। इस मौके पर अनेक अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद थे। समारोह के अंतिम दिन 20 दिसम्बर को विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आदि कार्यक्रम होंगे।

Read Full Text......

Friday, December 18, 2009

सड़कों से कन्डम वाहनों को हटाने का अभियान चलेगा

नगरीय प्रशासन मंत्री श्री गौर ने दिये निर्देश
नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने पुलिस तथा नगर निगम प्रशासन को निर्देश दिये हैं कि सड़कों पर जितने भी खटारा और कन्डम वाहन खड़े हैं उन्हें तत्काल सड़कों से हटाया जाये ताकि यातायात में होने वाले अवरोध समाप्त हो सके। 
राजधानी की सड़कों पर इस तरह के अनेक वाहन खड़े देखे जा सकते हैं।उक्त निर्देश आज यहां नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर द्वारा अपने निवास पर आयोजित एक बैठक में अधिकारियों को दिये गये।
श्री गौर ने निर्देश दिये कि मछली मार्केट को सुव्यवस्थित किया जाये साथ ही शहर के डस्टबिनों से दिन में दो बार कचरा उठाया जाये। उन्होंने बड़े तालाब में छट पूजा के लिये शीतलदास की बगिया के पास घाट चौड़ा करने और इसराणी चौराहा पर फब्बारा लगवाने के भी निर्देश नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह को दिये। इसके अलावा नगरीय प्रशासन मंत्री ने शहर में नये हाकर्स कार्नर बनाने तथा हमीदिया रोड समानान्तर मार्ग तथा गिन्नौरी फोरलेन सड़क का निर्माण एक माह में पूरा करने संबंधी निर्देश भी दिये।
नगरीय प्रशासन मंत्री ने ट्रेफिक पुलिस एवं नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिये कि बुधवारा स्थित चार बत्ती चौराहा से आजाद मार्केट तक की सड़क से अतिक्रमण हटाकर उस पर यातायात सुव्यवस्थित किया जाये और मोती मस्जिद से बुधवारा चार बत्ती चौराहा तक की सड़क एवं कमला पार्क से गिन्नौरी होते हुए बुधवारा तक की नवनिर्मित फोर लेन सड़क को एकांगी मार्ग घोषित करने की कार्यवाही की जाये। श्री गौर ने चौक बाजार स्थित चौक एवं ताजुल मसाजिद से ताजमहल तक के मार्ग से अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश नगर निगम के आयुक्त को दिये।
मुख्यमंत्री निवास के समीप स्थित बोट क्लब पर उन्होंने प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग को प्रतिबंधित करने तथा उक्त स्थान पर खड़े होने वाले हाथ ठेला व्यावसाइयों के लिए हाकर्स कार्नर बनवाने के और कमला पार्क के पास के फुटपाथों की चौड़ाई कम कराने के भी निर्देश दिये।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह, एडीएम श्री रजनीश श्रीवास्तव, एडीशनल एसपी श्री संतोष गौर, सीएसपी ट्रेफिक श्री लल्ली तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Read Full Text......

Wednesday, December 2, 2009

भोपाल के दो एथलेटिक्स प्रशिक्षणार्थियों को दो स्वर्ण पदक

मनीराम पटेल एवं बसंतलाल पटेल  को
आंध्रप्रदेश तथा अमृतसर में दो राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन गत माह नवम्बर में हुआ। इन प्रतियोगिताओं में भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केन्द्र भोपाल के दो एथलेटिक्स प्रशिक्षणार्थियों ने दो स्वर्ण पदक अर्जित किये हैं। इनमें मनीराम पटेल एवं बसंतलाल पटेल शामिल हैं। इन एथलेटिक्स ने दो विभिन्न राष्ट्रीय एथलेक्टिक्स प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीता है।
केन्द्र प्रभारी भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केन्द्र भोपाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आंध्रप्रदेश के वारंगल जिले में गत 17 से 21 नवम्बर तक 25वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप आयोजित हुई। इस राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में मनीराम पटेल ने 10 हजार मीटर पैदल चाल में 46 मिनट 08.4 सेकेण्ड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता है।
इसी प्रकार अमृतसर में गत 23 से 28 नवम्बर तक आयोजित 55वीं राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बसंतलाल पटेल ने 800 मीटर दौड़ में 1.58.00 मिनट का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने पर भारतीय खेल प्राधिकरण केन्द्रीय केन्द्र के प्रभारी निदेशक श्री आर.के. नायडू, उप निदेशक श्री राजिन्दर सिंह, केन्द्र प्रभारी श्री शाहनवाज खान एवं अन्य साई के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

Read Full Text......

Tuesday, December 1, 2009

भोपाल गैस त्रासदी की 25 वीं बरसी 3 दिसम्बर को

सर्वधर्म प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री  शामिल होंगे
भोपाल गैस त्रासदी में दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए गुरूवार 3 दिसम्बर को सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई है। गैस त्रासदी की 25वीं बरसी पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा बरकतउल्ला भवन (सेंट्रल लायब्रेरी) में प्रात: 10:30 बजे आयोजित है।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। सभा में विभिन्न धर्मग्रंथों का पाठ भी किया जायेगा। राज्य शासन ने अधिकारियों से सर्वधर्म प्रार्थना सभा में भाग लेने की अपेक्षा की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने भोपाल स्थित सभी विभागाध्यक्षों, प्रमुख सचिव, सचिव, आयुक्त भोपाल संभाग तथा कलेक्टर भोपाल को निर्देश जारी किए हैं।

Read Full Text......
Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio