Pages


Top Stories

Saturday, December 19, 2009

अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर कृष्णा थापा ने किया प्रदेश का नाम रोशन

 खेल युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार ने दी बधाई
कजाकिस्तान के अस्ताना शहर में गत 12 से 16 दिसम्बर तक आयोजित ''अर्न्तराष्ट्रीय सीनियर महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप'' सम्पन्न हुई। इस चैम्पियनशिप'' में अकादमी की कृष्णा थापा ने शानदार मुक्केबाजी का प्रदर्शन करते हुए 46 किलो ग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अर्जित किया।

वही दूसरी ओर भारत की शेष 7 मुक्केबाजों ने चैम्पियनशिप में तीन रजत एवं एक कांस्य पदक सहित भारत के खाते में कुल पांच पदक जमा किए। खेल युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार ने अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर अकादमी की कृष्णा थापा के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनांए दी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि कृष्णा थापा भविष्य में भी ओर बेहतर प्रदर्शन कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
चैम्पियनशिप में 9 देशों सहित कजाकिस्तान की 4 टीमों ने भाग लिया। चैम्पियनशिप में भारत की 8 महिला मुक्केबाजों ने भागीदारी की। इस प्रतियोगिता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य मार्शल आर्ट अकादमी में प्रशिक्षणरत एवं मध्यप्रदेश से एकमात्र खिलाड़ी कु. कृष्णा थापा ने 46किलो ग्राम भार वर्ग में भागीदारी की। इस चैम्पियनशिप में राज्य मार्शल आर्ट अकादमी के मुख्य बॉक्सिंग प्रशिक्षक श्री रोशनलाल को भारतीय टीम के प्रशिक्षक की बागडोर सौंपी गई थी।
उल्लेखनीय है कि अकादमी की कृष्णा थापा ने पहली बार अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर मुक्केबाजी का प्रदर्शन किया है एवं कृष्णा थापा प्रदेश की एकमात्र अर्न्तराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज बनी हैं। इससे पूर्व कृष्णा थापा ने हॉल ही में जमशेदपुर में आयोजित हुई सीनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक सहित बेस्ट बॉक्सर का खिताब जीता था।
यह वही प्रतियोगिता है जिसमें कृष्णा थापा ने फाइनल मुकाबले में अर्न्तराष्ट्रीय खिलाड़ी मैरीकॉम को 46 किलो ग्राम में पराजित करने वाली हरियाणा की कु. पिंकी जावड़ा कोे पराजित किया था। इसके अतिरिक्त गोवा में आयोजित हुई यूथ नेशनल प्रतियोगिता में भी कृष्णा थापा ने स्वर्ण पदक सहित बेस्ट बॉक्सर का खिताब जीता था।
इस अवसर पर संचालक खेल श्री संजय चौधरी ने कहा कि हमें गर्व है कि विभाग द्वारा स्थापित की गई अकादमी में गहन प्रशिक्षण के फलस्वरूप अर्न्तराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी को तैयार किया गया है, जिसने भारत एवं मध्यप्रदेश के लिए पहली बार अर्न्तराष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पदक अर्जित किया है। कृष्णा थापा उभरती हुई प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, इनका भविष्य उज्जल है, उम्मीद है कि आने वाले ओलंपिक खेलों में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अकादमी की कृष्णा थापा द्वारा अर्न्तराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने पर अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती रंजना चौधरी सहित अन्य अधिकारीयों ने बधाई दी है।

Read Full Text......
Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio