राजस्व संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित
राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री श्री करणसिंह वर्मा ने कल सीहोर तहसील के अंतिम छोर पर बसे वन ग्राम राबियाबाद पहुंचे जहां उन्होंने 75 आदिवासियों को वन अधिकार हक प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने ग्राम राबियाबाद में ग्राम स्वराज भवन और सीसी रोड निर्माण को मंजूरी प्रदान की।
प्रमाण पत्र वितरणइस मौके पर राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि आदिवासी वर्ग को उनकी भूमि का वास्तविक और मालिकाना हक दिलाने में म.प्र. सरकार देश में अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की संवेदनशील सोच का नतीजा है कि आज वर्षों से काबिज आदिवासियों को उनकी भूमि का मालिकाना हक मिला है। श्री वर्मा ने सरकार की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का जिक्र करते हुए इसे समाज के गरीब और कमजोर वर्ग की निर्धन कन्याओं के लिए वरदान बताया और कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से प्रदेश के हजारों परिवारों को लाभ पहुंचा है।
राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा ने बताया कि राजस्व संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। किसानों को गेहूं की उपज का लाभ दिलाने के लिए समर्थन मूल्य पर सौ रूपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। किसानों के हक में अनेक फैसले लेते हुए सरकार ने राजस्व संहिता परिपत्र में संशोधन किए हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक प्रकोप से होने वाली फसल, पशु और मकान की क्षति पर किसानों को आर्थिक सहायता मुहैया कराई जा रही है। सर्पदंश से मृत्यु होने पर 50 हजार और बिजली गिरने से होने वाली मृत्यु पर एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री श्री वर्मा ने प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी भूमि पर कुओं का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पम्प कनेक्शन भी दिए जांएगे। श्री वर्मा ने आदिवासियों से आवेदन प्राप्त किए और इनका निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कार्यक्रम में जिला संयोजक आदिमजाति कल्याण श्री अवनीश चतुर्वेदी ने बताया कि वन अधिकार अधिनियम के तहत ग्राम राबियाबाद के 68, कोटा करार और आमामाय के 3 - 3 तथा ग्राम आंवलीखेड़ा के एक इस प्रकार कुल 75 किसानों को वन अधिकार हक प्रमाण पत्र वितरित किए गए हैं।
खिले आदिवासियों के चेहरे
वर्षों से वन भूमि पर काबिज आदिवासी वर्ग के किसानों को आज वन अधिकार हक प्रमाण - पत्र हासिल होने पर उनकी खुशी देखते ही बनती थी। सभी किसानों के चेहरे खुशी से खिले हुए थे। किसानों ने बताया कि बरसों बरस से जिस हक की हम बांट जोह रहे थे वह अधिकार आज हमें हासिल हो गया है। इसका श्रेय उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
0 comments:
Post a Comment