प्रभारी मंत्री श्री भार्गव द्वारा तीन दिवसीय नोहटा महोत्सव का शुभारंभ
जिला मुख्यालय से दमोह-जबलपुर मार्ग पर लगभग 21 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नोहटा में कलचुरि कालीन भगवान नोहलेश्वर मंदिर के समीप कल से तीन दिवसीय नोहटा महोत्सव का भव्य शुभारंभ प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय मंत्री एवं दमोह जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने किया। प्रभारी मंत्री श्री भार्गव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित प्रथम दिवस के कार्यक्रम स्थानीय विधायक श्री रत्नेश सालोमन की अध्यक्षता में सम्पन्न किये गये।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्रभारी मंत्री श्री भार्गव ने उन सभी नाम अनाम व्यक्तियों को धन्यवाद दिया जिनके अथक परिश्रम से यह महोत्सव 10 वर्षो से निरन्तर कामयाबी के सौपान छू रहा है। उन्होंने कहा कि मैं उन सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वालों का शक्रगुजार हूं जिन्होंने इतनी पुरातन सभ्यता संस्कृति को जीवित रखने उसे स्मृति में बनाये रखने के निरन्तर प्रयास किये है।प्रभारी मंत्री श्री भार्गव ने नोहटा महोत्सव को राज्य के सांस्कृतिक कैलेण्डर में शामिल करने के संबंध में कहा कि राज्य शासन तक बात दो दिन में बात पहुंचाई जायेगी और निश्चित तौर पर इस नोहटा महोत्सव के आयोजन हेतु स्थाई व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे। शासन अभी तो दो-ढाई लाख रूपये आयोजन हेतु दे रहा है धन राशि में वृद्धि करायेंगे। प्रभारी मंत्री श्री भार्गव ने कहा कि बैसे राज्य पोषित कोई भी व्यवस्था कभी सफल नहीं होती, स्वावलम्बन बहुत बड़ी बात होती है, लेकिन राज्याश्रय भी जरूरी है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक श्री रत्नेश सालोमन ने नोहटा महोत्सव के शुरूआती आयोजन से लेकर वर्तमान स्वरूप पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रभारी मंत्री से कहा की साल दर साल बढ़ रही कीमतों के मद्देनजर नोहटा महोत्सव का आयोजन भी मंहगा होता जा रहा है इसलिये शासन द्वारा दी जा रही राशि में बढ़ोत्तरी जरूरी है ताकि आयोजन की भव्यता, गरिमा निरन्तर बनी रहे।
कलेक्टर श्री आर.ए.खण्डेलवाल ने अतिथियों के स्वागत उद्बोधन में कहा कि नोहटा महोत्सव के आयोजन को भव्यता प्रदान करने में सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सहयोग किया है धीरे-धीरे यह आयोजन राज्य स्तर से बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर होने जा रहा है। यहाँ अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को कार्यक्रम प्रस्तुति हेतु बुलाया गया है। उन्होंने नोहटा महोत्सव को राज्य के सांस्कृतिक कैलेण्डर में शामिल करने की जरूरत पर बल दिया।
तीन दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन जहाँ स्थालीय कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी वहीं दूसरी ओर बाहर के ख्याति प्राप्त कलाकारों ने अपनी सुन्दरतम प्रस्तुतियों से दर्शकों की वाहवाही लूटी। इसमें लोकदर्पण सागर के कलाकारों ने बधाई नृत्य पेश कर वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती कला निकेतन दमोह के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई गणेश बंदना से हुआ। पश्चिम बंगाल के स्पिक मैके पुरूलिया छाउ की प्रस्तुति दर्शकों के लिये यादगार प्रस्तुति रही। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता सिंह, जिला केन्द्रीय सहकारी बैक अध्यक्ष श्री लखन पटैल सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी गण, पत्रकारगण तथा बड़ी संख्या में दर्शकगण मौजूद थे।
0 comments:
Post a Comment