Pages


Top Stories

Wednesday, December 23, 2009

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद राष्ट्रीय सम्मान नामांकन 25 जनवरी तक आमंत्रित

राष्ट्रीय सम्मान के तहत दो लाख रूपये की सम्मान निधि प्रदान की जायेगी
अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद राष्ट्रीय सम्मान- 2009-10 के लिये नामांकन आगामी 25 जनवरी तक आमंत्रित किये गये हैं। इस पुरस्कार के लिये देश-प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों, समाज शास्त्रियों, बुद्धिजीवियों, लेखकों, पत्रकारों एवं विशेषज्ञों से नामांकन आमंत्रित किये गये हैं।
संस्कृति विभाग द्वारा स्वाधीनता संग्राम के आदर्शों, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा के सर्वोत्कृष्ट मानदंडों की स्थापना के लिये उच्च कोटि के रचनात्मक अवदान, सृजनात्मक शोधकार्य और विशिष्ट उपलब्धियों के सम्माननार्थ अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद राष्ट्रीय सम्मान स्थापित किया गया है।
अमर शहीद चंद्रशेखर आजादा राष्ट्रीय सम्मान के तहत दो लाख रूपये की सम्मान निधि, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान पट्टिका प्रदान की जाएगी। संचालक, स्वराज संस्थान संचालनालय, रवीन्द्र भवन परिसर, भोपाल के नाम 25 जनवरी 2010 तक नामांकन भेजे जा सकेंगे। शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय निर्णायक मंडल द्वारा प्राप्त अनुशंसा/नामांकनों पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद राष्ट्रीय सम्मान से अब तक अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम केन्द्र, जशपुर एवं प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं जल संरक्षण प्रणेता श्री अनुपम मिश्र नई दिल्ली को सम्मानित किया जा चुका है।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio