Pages


Top Stories

Saturday, December 19, 2009

मुख्यमंत्री द्वारा जनसंपर्क की फोटो पत्रिका "चित्रायन" का विमोचन

पत्रिका का कला संयोजन और मुद्रण मध्यप्रदेश माध्यम द्वारा
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज यहां निवास पर जनसंपर्क मध्यप्रदेश की मासिक फोटो पत्रिका 'चित्रायन' का विमोचन किया। इस मौके पर जनसंपर्क मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा, विधायक श्री रमेश सक्सेना, आयुक्त जनसंपर्क श्री मनोज श्रीवास्तव, अपर संचालक जनसंपर्क श्री आर.एम.पी.सिंह, उप संचालक फोटो श्री प्रदीप भाटिया, फोटो संपादक श्री प्रकाश कुलकर्णी और विभागीय छायाचित्रकार उपस्थित थे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने फोटो पत्रिका के प्रकाशन को एक नयी शुरूआत बताते हुए कहा कि पत्रिका अपने प्रकाशन के उद्देश्य को सार्थक करेगी। उन्होंने कहा कि छायांकन महज तकनीकी कार्य न होकर कला का स्वरूप है। एक छायाचित्र में हजार शब्दों के भाव को सम्प्रेषित करने की क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि शासकीय और विकास कार्यों की गतिविधियों को सम्प्रेषित करने की असीम संभावनाएँ छायाचित्रों में हैं।
जनसंपर्क मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि यह फोटो पत्रिका विभाग द्वारा प्रचार-प्रसार की अभिनव विधाओं और प्रयोगों की श्रंखला में नया प्रयास है। फोटो जर्नलिज्म की दिनों दिन बढ़ती महत्ता को देखते हुए यह पत्रिका प्रदेश की विकास गतिविधियों के साथ ही विविधवर्णी संस्कृति और गौरवशाली विरासत को समग्रता में रेखांकित करने में सफल होगी।
जनसंपर्क आयुक्त श्री मनोज श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को पत्रिका के प्रकाशन के उद्देश्य की जानकारी दी।
चित्रायन के प्रवेशांक में विकास, नगर विकास, विरासत, लोक संस्कृति और शख्सियत शीर्षकों से छायाचित्रों का प्रकाशन किया गया है। पत्रिका का कला संयोजन और मुद्रण मध्यप्रदेश माध्यम द्वारा किया गया है।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio