Pages


Top Stories

Monday, January 11, 2010

संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा संस्कृति भूषण सम्मान से विभूषित

 अखिल भारतीय भाषा साहित्य सम्मेलन में
अखिल भारतीय भाषा साहित्य सम्मेलन द्वारा संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा को आज यहां एक समारोह में संस्कृति भूषण सम्मान से विभूषित किया गया। सम्मेलन के प्रांतीय अधिवेशन में साहित्यकारों और कला समीक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
संस्कृति मंत्री श्री शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि साहित्य साधक कर्म योगी की तरह अनवरत अपने सृजन से समाज को जागृत करने का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे है। मध्यप्रदेश सरकार साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए सतत प्रयत्नशील है। संस्कृति विभाग के बजट को काफी बढ़ाया गया है। सरकार की कोशिश है कि साहित्यकारों कलाकारों को पूरा प्रोत्साहन मिले। इसमें धनराशि के कारण कोई बाधा न आयें। अखिल भारतीय भाषा सम्मेलन द्वारा उन्हें दिये गये सम्मान के प्रतिउत्तर में संस्कृति मंत्री ने कहा कि वे अच्छे श्रोता, अच्छे दर्शक और साहित्य के अच्छे शुभचिन्तक के रूप में अपने कर्तव्य का पालन कर रहे है। कला क्षेत्र के संवाददाताओं और समीक्षकों को सम्मानित करने की परम्परा शुरू करने के लिए संस्कृति मंत्री ने संस्था को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के जनसम्पर्क विभाग ने भी कला समीक्षकों के लिए पुरस्कार शुरू किया है। कला संवाददाता भी साहित्यकार ही है। श्री शर्मा ने संस्था को शासन की ओर से अनुदान देने को आवश्यक बताते हुये कहा कि साहित्यकारों के सम्मान से सृजनात्मकता को प्रोत्साहन मिलता है।

इस अवसर पर डॉ. मूलाराम जोशी और डॉ. सूर्यप्रकाश चतुर्वेदी को सरस्वती सम्मान से विभूषित किया गया। डॉ.राम कृष्ण सराफ और डॉ. शरद पगारे एवं डॉ. बी.मारिया कुमार को भारत भाषा भूषण सम्मान से अंलकृत किया गया। डॉ. चन्द्रप्रकाश वर्मा श्रेष्ठ साधना सम्मान, श्री वीरेन्द्र सिंह और कमलकांत सक्सेना को दिया गया। श्री रमेश चन्द्र खरे को साहित्य श्री सम्मान, श्री प्रमोद रामावत, श्री राकेश वर्मा हेरत, डॉ. अंजिला आनंद और श्रीमती मंजू जैन को समन्वय श्री सम्मान से सम्मानित किया गया। साहित्य सेवी सम्मान श्री अशोक चन्द्र दुबे और श्री मनोज जैन मधुर को दिया गया।

अखिल भारतीय साहित्य सम्मेलन में कला संवाददाताओं और समीक्षकों को संवाद श्री सम्मान देने की परम्परा प्रारंभ की है। इस वर्ष यह सम्मान आज श्री विनय उपाध्याय, श्री शाहरोज आफरीदी, श्री दीपक पगारे, श्री बसंत सकरगाए, श्री रविन्द्र स्वप्निल प्रजापति, श्री रामप्रकाश अग्रवाल, सुश्री राखी झँवर और सुश्री आशा सिंह को दिया गया।

अखिल भारतीय भाषा साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष श्री मूलाराम जोशी ने मध्यप्रदेश में साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यो के लिए राज्य सरकार की प्रशंसा की। राष्ट्रीय महासचिव श्री सतीश चतुर्वेदी ने सम्मानित होने वाले साहित्यकारों, कला समीक्षकों एवं संस्कृति मंत्री का प्रशस्ति वाचन किया। सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री रामगोपाल चतुर्वेदी और प्रांतीय महामंत्री डॉ. राम वल्लभ आचार्य ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

कार्यक्रम का शुभारंभ मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। सम्मान के अंतर्गत प्रशास्ति पत्र, प्रमाण पत्र, शॉल और श्रीफल भेंट किया गया।

Read Full Text......
Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio