Pages


Top Stories

Friday, January 1, 2010

राज्यपाल श्री ठाकुर द्वारा नव वर्ष की बधाई

मध्यप्रदेश में नये आयामों की शुरूआत
राज्यपाल श्री रामेश्वर ठाकुर ने नव वर्ष सन् 2010 के शुभ आगमन पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं तथा प्रदेश की तरक्की एवं प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की है।राज्यपाल श्री ठाकुर ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि बीता वर्ष मध्यप्रदेश के साथ-साथ, सम्पूर्ण देश के लिए सुखद रहा है। इस दौरान शांति, सदभाव और भाईचारे के वातावरण में वृद्धि परिलक्षित हुई है। विकास की दृष्टि से भी मध्यप्रदेश में नये आयामों की शुरूआत हुई है। विभिन्न क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं में तेजी आई है। 
राज्यपाल ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी से अनुरोध किया कि खुशहाल समाज तथा प्रगतिशील देश के निर्माण में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लगन से अपनी भूमिका का निर्वहन करें। राज्यपाल श्री ठाकुर ने सर्वधर्म समभाव और “सर्वजन हिताए- सर्वजन सर्वजन’’ की गौरवशाली परम्परा को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेशवासियों से एकजुट होने का आव्हान किया है।

Read Full Text......

Saturday, November 28, 2009

राज्यपाल श्री ठाकुर मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा ईदुज्जुहा की शुभकामनाएं

 पर्व बलिदान तथा समर्पण का प्रतीक
राज्यपाल श्री रामेश्वर ठाकुर ने ईदुज्जुहा पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।  वहीँ मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ईदुज्ज़हा पर्व को परस्पर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द्र के साथ मनाने का आव्हान किया है।

श्री ठाकुर ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि ईदुज्जुहा का पर्व बलिदान तथा समर्पित भाव से जीवन जीने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल ने कहा है कि हमारे देश में आपसी प्रेम,भाईचारे और मेलजोल के साथ त्यौहार मनाने की परम्परा रही है।
राज्यपाल श्री ठाकुर ने ईदज्जुहा का त्यौहार परम्परानुसार सौहर्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आव्हान करते हुए प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने ईदुज्ज़ुहा पर्व पर नागरिकों को बधाई दी है। श्री चौहान ने कहा है कि यह पर्व बलिदान तथा समर्पण का प्रतीक है।

Read Full Text......

Saturday, October 31, 2009

शिक्षा माफिया को समाप्त करने हेतु शासन कटिबद्ध - उच्च शिक्षा मंत्री

दीक्षांत समारोह प्रति वर्ष आयोजित किये जायें - राज्यपाल
Bhopal:Friday, October 30, 2009:Updated 16:45IST राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री रामेश्वर ठाकुर ने आज यहां बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में प्रति वर्ष दीक्षांत समारोह आयोजित किये जायें।
दीक्षांत समारोह के गरिमापूर्ण आयोजन से विद्यार्थियों के मन में उच्च शिक्षा के प्रति आकर्षण और देश तथा समाज के प्रति समर्पण की भावना सुदृढ़ होगी।
कुलाधिपति ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से अर्जित ज्ञान का सदुपयोग समाज की प्रगति और मानव कल्याण के लिए करें। शिक्षकों और अभिभावकों का सम्मान करें।
राज्यपाल श्री ठाकुर ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा के लिए अध्ययन एवं शोध का उत्कृष्ठ केन्द्र का दर्जा अर्जित करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रगति की इस गति में तेजी लाने के लिए सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार समन्वित रूप से कार्य करे।
श्री ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रथम एवं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी यह है कि विद्यार्थियों को देश का सुसंस्कृत नागरिक बनाएं। उच्च शिक्षा के माध्यम से सभी क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं का पता लगाएं और प्रदेश की तरक्की में सहभागी बनें।
उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने दीक्षांत समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि शिक्षा माफिया को समाप्त करने के लिए राज्य शासन कटिबद्ध है। उन्होंने इस कार्य में शिक्षाविदों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से सहयोग का आव्हान किया।
समारोह में कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्री ठाकुर और उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती चिटनिस ने विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की स्मारिका एवं शोध पुस्तक का लोकापर्ण किया। विश्वविद्यालय द्वारा राज्यपाल एवं उच्च शिक्षा मंत्री की स्मृति चिंह भेंट किये गये।
दीक्षांत समारोह के पूर्व राज्यपाल श्री ठाकुर ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय परिसर में इंजीनियरिंग के कम्प्यूटर साइंस विभाग के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। राज्यपाल एवं उच्च शिक्षा मंत्री ने नवनिर्मित भवन के प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया।

Read Full Text......

Thursday, October 22, 2009

जन-सुनवाई की परम्परा प्रशंसनीय

राज्यपाल श्री ठाकुर द्वारा शहीद पुलिस अफसरों और जवानों को श्रद्धांजलि
राज्यपाल श्री रामेश्वर ठाकुर ने आज यहां पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर देश एवं प्रदेश के शहीद पुलिस अफसरों और जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने शहीदों के परिवारजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि हर सुख-दुख में शासन उनके साथ है।
राज्यपाल श्री ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस मुख्यालय से थाना स्तर तक जन सुनवाई की परम्परा प्रशंसनीय है। पुलिस को जनता का भरोसा जीतने के लिए और अधिक विनम्र तथा सहनशील बनने की जरूरत है। दस्यु गिरोहों का सफाया करने, नक्सली हिंसा पर प्रभावी अंकुश लगाने, आतंकवाद के विरूद्ध सफल मुहिम और विधानसभा तथा लोकसभा चुनाव में कड़े सुरक्षा प्रबंध के लिए पुलिस बल की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पुलिस बल में गुणवत्ता सुनिश्चित रखने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि यद्यपि पुलिस के आधुनिकीकरण के जरिये स्थिति में काफी बदलाव आया है, तथापि अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। श्री ठाकुर ने पुलिस के साथ प्रदेश की शांति प्रिय जनता की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों के अनुशासित आचरण से ही देश के शांति प्रिय राज्यों में मध्यप्रदेश की गिनती की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सचेत रहें।
पुलिस महानिदेशक श्री एस.के.राऊत ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस बल में बलिदान की परम्परा अनुकरणीय है। उन्होंने बताया कि तुलनात्मक रूप से मध्यप्रदेश में नक्सल हिंसा का प्रभाव कम है किन्तु अन्य प्रभावित राज्यों की पुलिस की हाल की कार्यवाही से हमारे प्रदेश में भी दबाव बढ़ रहा है।
श्री राऊत ने बताया कि मध्यप्रदेश में नक्सलियों के घुसपैठ की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सजग और सतर्क है। आतंकवादियों से निपटने के लिए आतंकवाद विरोधी दस्ता गठित किया गया है, जिसके जवानों और अफसरों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विशेष शस्त्र बल के महानिरीक्षक श्री विजय यादव ने देश में पिछले एक वर्ष में शहीद हुए 833 पुलिस जवानों के नाम का वाचन किया। पाल बियरर पार्टी द्वारा राज्यपाल को प्रस्तुत सम्मान सूची स्मारक कोष में संस्थापित की गई और शोक शस्त्र की मुद्रा में स्मारक को सलामी दी गई।
पुलिस के सेवारत एवं सेवा निवृत्त अधिकारियों ने भी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित परेड का नेतृत्व भोपाल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र शेखर सोलंकी ने किया। कार्यक्रम में पुलिस गृह निर्माण निगम के अध्यक्ष श्री रमन कक्कड़, महानिदेशक होमगार्ड श्री एस.के. सरीन, प्रमुख सचिव गृह श्री राजन एस कटोच और विशेष शस्त्र बल के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री सुरेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।

Read Full Text......
Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio