Pages


Top Stories

Sunday, January 24, 2010

कृषि विज्ञान में विशिष्ट योगदान के लिये कुलपति डॉ. तोमर सम्मानित

ए.एस.ई.टी. द्वारा मानद फैलोशिप से सम्मानित
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के कुलपति एवं देश के जाने माने कृषि वैज्ञानिक डॉ. विजय सिंह तोमर को एकेडमी ऑफ साईंस, इंजिनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी (ए.एस.ई.टी.) द्वारा मानद फैलोशिप से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान विज्ञान के क्षेत्र में उच्च अनुसंधान के द्वारा समाज के जीवन स्तर में उन्नति लाने के लिये उनके विशिष्ट योगदान के लिये प्रदान किया गया है।

भोपाल के क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय में आयोजित एकेडमी के दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री डा. रामकृष्ण कुसमरिया के द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। 
डॉ. तोमर को पूर्व में भी नेशनल एकेडमी ऑफ एग्रीकल्चर साईंस सहित कई अन्य एकेडमीज द्वारा फैलोशिप प्रदान की जा चुकी है। डॉ. तोमर को सन् 1974 में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का प्रतिष्ठित जवाहर लाल नेहरू अवार्ड भी प्राप्त हो चुका है।

Read Full Text......

Monday, January 11, 2010

ग्वालियर- दुर्ग रोप-वे बनेगा दो वर्ष में

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बहुप्रतीक्षित रोप-वे का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने फूलबाग से ग्वालियर दुर्ग तक बनने जा रही बहुप्रतीक्षित 'रोप-वे' का आज शिलान्यास किया। ग्वालियर अंचलवासियों की बड़ी शिद्दत से इस रोपवे की लम्बे समय से प्रतीक्षा थी। इसके निर्माण से ग्वालियर अंचल में पर्यटन के क्षेत्र में नये आयाम स्थापित होंगे।
ग्वालियर में पर्यटन के क्षेत्र में नये अध्याय के रूप में जुड़ने जा रहे 'रोप-वे' के शिलान्यास अवसर पर सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अनूप मिश्रा, गृह एवं परिवहन राज्य मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, स्थानीय सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, राज्य सभा सांसद श्रीमती माया सिंह, पूर्व महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, साडा अध्यक्ष श्री जयसिंह कुशवाह, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश शर्मा, पूर्व महापौर श्री माधवशंकर इंदापुरकर व वयोवृद्ध जनप्रतिनिधि एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री डोंगर सिंह 'कक्का' सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण व शासकीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

नगर निगम आयुक्त डा. पवन शर्मा ने बताया कि 750 मीटर, लम्बाई में बनने जा रही इस 'रोप-वे' का लोअर टर्मिनल फूलबाग स्थित बारादरी पर व अपर टर्मिनल ग्वालियर दुर्ग स्थित 'एक पत्थर की बावड़ी' के समीप बनाया जायेगा। यह 'रोप-वे' करीब 8 करोड़ रूपये की लागत से लगभग दो वर्ष में बनकर तैयार होगी। उन्होंने बताया कि 'रोपवे' में छ: ट्राली होंगी और प्रत्येक ट्रॉली में 6 लोगों के एक साथ बैठने की व्यवस्था रहेगी। 'रोप-वे' पर लगाई गई ट्रॉली, लोअर टर्मिनल से अपर टर्मिनल तक की 750 मीटर की दूरी 7 मिनिट में तय करेगी। रोप-वे के दुर्ग स्थित अपर टर्मिनल से किले पर मौजूद दर्शनीय स्थलों के अवलोकन के लिये बैट्री चलित वाहन भी चलाये जायेंगे। इसी तरह फूलबाग बारादरी स्थित लोअर टर्मिनल पर पर्यटकों की सुविधा के लिये रिसेप्शन डेस्क, पर्यटक सूचना केन्द्र, मेडीकल सहायता, सिक्योरिटी सेंटर, क्लॉक रूम, काफी शॉप, ओपन एयर रेस्टॉरेंट, सोवेनियर शॉप व पार्किंग आदि व्यवस्थायें रहेंगी। रोप-वे का निर्माण नगर निगम द्वारा जनभागीदारी के अन्तर्गत मेसर्स दामोदर रोप-वे कन्स्ट्रक्शन कंपनी कोलकाता एवं श्री बालाजी डेवलपर्स ग्वालियर के माध्यम से कराया जायेगा।
शेजवलकर व श्री कक्का का किया सम्मान
ग्वालियर रोप-वे निर्माण की पहल करने के लिये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विदा ले रहे महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, वयोवृद्ध नेता श्री डोंगर सिंह 'कक्का' तथा पूर्व महापौर श्री माधव शंकर इंदापुरकर को पुष्पाहार पहनाकर सम्मानित किया।

Read Full Text......

Thursday, November 26, 2009

85वाँ तानसेन समारोह ग्वालियर में 4 से 7 दिसम्बर तक

शुभारम्भ परंपरागत रूप से हरिकथा एवं मीलाद तथा चादर चढ़ाने से
उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद, मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा कालजयी संगीतज्ञ संगीत सम्राट तानसेन की स्मृति में हज़ीरा ग्वालियर तथा बेहट ग्राम में 4 से 7 दिसम्बर 2009 को 85 वाँ वार्षिक तानसेन संगीत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारम्भ परंपरागत रूप से हरिकथा एवं मीलाद तथा चादर चढ़ाने से किया जायेगा। तथा सायंकाल 6.30 से संगीत सभाओं की शुरूआत होगी।4 दिसम्बर को प्रथम सायंकालीन संगीत सभा – की शुरूआत शासकीय माधव संगीत महाविद्यालय के छात्रों के ध्रुपद गायन से होगी। उसके पश्चात पुणे से आमंत्रित पंडित श्रीनिवास जोशी ख्याल गायन प्रस्तुत करेंगे। श्री जोशी के पश्चात डागर घराने के उदीयमान संगीतज्ञ मुम्बई के उत्साद बहावउद्दीन डागर का वीणा वादन होगा। चौथे क्रम पर नई दिल्ली से आमंत्रित युवा कलाकार पंडित उदय नारायण मलिक ध्रुपद गायन प्रस्तुत करेंगे। इसी दिन सभा के अन्त में मुम्बई से आमंत्रित वरिष्ठ संगीतकार पंडित अजय पोहनकर का ख्याल गायन होगा।
5 दिसम्बर को द्वितीय प्रात:कालीन संगीत सभा – तानसेन संगीत महाविद्यालय ग्वालियर के छात्रों के ध्रुपद गायन से सुबह नौ बजे प्रारंभ होगी। इसके पश्चात रत्नागिरी से आमंत्रित युवा प्रतिभाशाली कलाकार श्रीमती मुग्धा भट सामन्त शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगी। सभा की तीसरी प्रस्तुति दिल्ली से आमंत्रित श्री राजेन्द्र प्रसन्ना की होगी, जो शहनाई वादन प्रस्तुत करेंगे। इस प्रात:कालीन सभा का समापन नई दिल्ली के श्री सुरिन्दर सिंह के गायन से होगा।
5 दिसम्बर को तृतीय सायंकालीन संगीत सभा – की शुरूआत सायं 6.30 बजे से होगी। सभा के प्रारम्भ में महारूद्र संगीत महाविद्यालय, ग्वालियर के छात्र ध्रुपद गायन प्रस्तुत करेंगे। इसके पश्चात मुम्बई से आमंत्रित पंडित नित्यानन्द हल्दीपुर का बाँसुरी वादन होगा तथा उज्जैन के श्री सुधाकर देवले गायन प्रस्तुत करेंगे। सभा की तीसरी प्रस्तुति पंडित विजय घाटे के सोलो तबला वादन की होगी। इस सभा का समापन पंडित राजशेखर मन्सूर, धारवाड़ के ख्याल गायन से होगा।
6 दिसम्बर को चतुर्थ प्रात:कालीन संगीत सभा - सुबह नौ बजे से आरम्भ होगी। सभा में सर्वप्रथम शंकर गांधर्व महाविद्यालय के छात्र ध्रुपद गायन प्रस्तुत करेंगे। सभा की दूसरी प्रस्तुति ग्वालियर के पंडित चितरन्जन ज्योतिषि की होगी जो ख्याल गायन प्रस्तुत करेंगे। सभा की तीसरी प्रस्तुति मैहर वाद्य वृन्द के वृन्द वादन की होगी तथा सभा का समापन दिल्ली के श्री लक्ष्मण कृष्णराव पंडित के ख्याल गायन से होगा।
6 दिसम्बर को पांचवी सायंकालीन संगीत सभा - हज़ीरा ग्वालियर में अंतिम सांयकालीन सभा की शुरूआत सायं 6.30 भारतीय संगीत महाविद्यालय के छात्रों के ध्रुपद गायन से होगी। दूसरे क्रम में बैंगलोर से आमंत्रित डॉ. श्यामला जी. भावे की ख्याल गायन की प्रस्तुति होगी। सभा की तीसरी प्रस्तुति मुंबई के पंडित गिरिराज की होगी जो सितार वादन प्रस्तुत करेंगे। इस सायंकालीन सभा का समापन उत्साद गुलाम मुस्तफ़ा ख़ाँ के गायन से होगा।
7 दिसम्बर को छठवीं प्रात:कालीन संगीत सभा ग्राम बेहट में - सुबह नौ बजे से शुरू होगी। सभा में सर्वप्रथम साधना संगीत कला केन्द्र, ग्वालियर के छात्र ध्रुपद गायन प्रस्तुत करेंगे। तत्पश्चात इन्दौर से आमंत्रित श्रीमती शोभा चौधरी का ख्याल गायन होगा। इसके पश्चात ग्वालियर के स्थानीय कलाकार गायन-वादन प्रस्तुत करेंगे। इसी संगीत सभा के साथ 85 वें तानसेन समारोह का समापन होगा।
तानसेन समारोह 2009 - सहयोगी व संगत कलाकारों में हारमोनियम पर सर्वश्री मोहन मुंगरे, जमीर हुसैन खाँ, महेश पाण्डे, मेहमूद धौलपुरी, विवेक बन्सोड़ व संतोष अग्निहोत्री रहेंगे। तबले पर पंडित किरण देशपांडे एवं पंडित रामस्वरूप रतौनिया के अलावा सर्वश्री हितेन्द्र दीक्षित, हिमांशु महन्त, विवेक देशमुख, भोगीराम रतौनिया, नफीस अहमद खाँ, अनन्त मसूरकर एवं मनीष करवड़े रहेंगें। पखावज पर श्री संजय पन्त आगले संगत देंगे तथा सारंगी पर संगति फारूक लतीफ खाँ करेंगे।

Read Full Text......

Monday, October 26, 2009

ग्वालियर संभाग में 248222 राजस्व प्रकरणों का निरारकरण

प्रकरण राजस्व अधिकारियों द्वारा निराकृत
Gwalior:Sunday, October 25, 2009:Updated 20:25IST चालू वित्तीय वर्ष में माह सितम्बर के अंत तक ग्वालियर संभाग में दो लाख 48 हजार 222 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले में 28 हजार 61 प्रकरण, शिवपुरी जिले में 73 हजार 445 राजस्व प्रकरण, गुना में 61 हजार 822, दतिया में 54 हजार 513 एवं अशोक नगर में 30 हजार 321 राजस्व प्रकरण निराकृत किये गये इस प्रकार संभाग के पाँचों जिलों में कुल दो लाख 48 हजार 222 प्रकरण निराकृत किये गये हैं।
संभाग में 41 हजार 415 अविवादित नांमातरण प्रकरणों का निराकरण माह सितम्बर 09 तक किया गया जिसमें ग्वालियर जिले में 9 हजार 923 प्रकरण, शिवपुरी में 15 हजार 839, गुना में 7 हजार 44, दतिया में 2 हजार 34 तथा अशोक नगर में 6 हजार 574 अविवादित नामांरण प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
विवादित नामांतरण प्रकरणों में 4 हजार 543 प्रकारणों का निराकरण माह सितम्बर अंत तक किया गया जिसमें ग्वालियर में एक हजार 37, शिवपुरी में एक हजार 86, गुना में एक हजार 170, दतिया में 524 तथा अशोक नगर में 726 प्रकरणों का निराकरण किया गया है।
संभाग में अविवादित बंटवारा के प्रकरणों का निपटारा करते हुए कुल 5 हजार 848 प्रकरण राजस्व अधिकारियों द्वारा निराकृत किये गये, जिसमें ग्वालियर में 657, शिवपुरी में 2 हजार 189, गुना में 773, दतिया में 587 व अशोक नगर में एक हजार 642 प्रकरण निराकृत किये गये हैं। विवादित बंटवारों के तहत कुल 4 हजार 419 बंटवारा प्रकरणों का निराकरण किया गया।
इन प्रकरणों में ग्वालियर जिले के 434, शिवपुरी के 2 हजार 280, गुना में 788, दतिया के 425 व अशोक नगर के 492 प्रकरण शामिल हैं। सीमांकन प्रकरणों के निराकरण के तहत ग्वालियर जिले में एक हजार 443 सीमांकन प्रकरण, शिवपुरी में दो हजार 624, गुना में एक हजार 488, दतिया में एक हजार 83, अशोक नगर में एक हजार 352 सीमांकन प्रकरणों को मिलाकर कुल 7 हजार 990 प्रकरण निराकृत किये गये।

Read Full Text......
Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio