Pages


Top Stories

Saturday, March 27, 2010

जनप्रतिनिधि स्वास्थ्य योजनाओं से आमजन को अवगत कराय

 विधानसभा सदस्यों के लिये उन्मुखीकरण कार्यशाला
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज यहां विधानसभा स्थित मानसरोवर सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित उन्मुखीकरण कार्यशाला में कहा कि कन्या भ्रूण हत्या के गंभीर अपराध को रोकने के लिये प्रत्येक नागरिक विशेषकर जनप्रतिनिधियों को अपने कर्त्तव्य का निर्वहन करना चाहिये।
मध्यप्रदेश में बिटिया कैम्पेन की सफलता के लिये प्रयास और तेज किये जायेंगे। राज्य सरकार ने समाज में कम होती बेटियों की संख्या की समस्या को ध्यान में रखते हुए लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं के माध्यम से समाधान के प्रयास किये हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विशेषकर विधायकों से आग्रह किया कि वे सार्वजनिक समारोहों में बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहन देने एवं क्षय रोग जैसी समस्याओं के निराकरण के संबंध में आम जनता को जानकारियां प्रदान करें। इससे जन-जागरूकता बढ़ेगी। 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि क्षय रोग के नियंत्रण के लिये आवश्यक उपायों का जितना अधिक प्रचार-प्रसार होगा, यह रोग नियंत्रित करने में आसानी होगी। अब इस रोग का नियंत्रण अपेक्षाकृत सरल हो गया है।

विधानसभा अध्यक्ष श्री ईश्वरदास रोहाणी ने कहा कि विभिन्न स्तरों पर गठित स्वास्थ्य समितियों में जनप्रतिनिधियों के नामांकन से पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम एवं बिटिया कैम्पेन में सहयोग मिलेगा। श्री रोहाणी ने स्वास्थ्य विभाग को इस आयोजन के लिये साधुवाद देते हुए कहा कि मानवीय संवेदनाओं एवं सामाजिक दायित्व से ओतप्रोत जागरूकता कार्यक्रम जनता की स्वास्थ्य रक्षा में उपयोगी है।

प्रारंभ में स्वास्थ्य सचिव श्री एस.आर. मोहंती ने राज्य स्वास्थ्य समिति और लेप्रा सोसायटी के आयोजन पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश में लिंगानुपात संतुलन एवं क्षय नियंत्रण की दिशा में किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समस्त विधायकों एवं उपस्थितों को समाज में बेटी के जन्म के अधिकार एवं उसके साथ भेदभाव न किये जाने की शपथ दिलाई। शपथ में लिंग परीक्षण आधारित कन्या भ्रूण हत्या का अपराध न करने एवं भावी पीढ़ी को प्रभावित करने वाले इस कृत्य के दोषियों के विरूद्ध कार्य करने की शपथ का संकल्प भी लिया गया।

प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत किया गया। डॉ. वीणा सिन्हा ने जनसंख्या में स्त्री-पुरूष अनुपात की मध्यप्रदेश एवं देश में वर्तमान स्थिति के संबंध में इस उन्मुखीकरण कार्यशाला में प्रस्तुतिकरण दिया। डॉ. ए.एन. मित्तल ने बताया कि प्रदेश में लगभग 44 हजार आशा कार्यकर्ता क्षय नियंत्रण कार्यक्रम में भी सहयोग कर रहे हैं।

कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अनूप मिश्रा, राज्य मंत्री श्री महेन्द्र हर्डिया भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री श्री चौहान, विधानसभा अध्यक्ष श्री रोहाणी, स्वास्थ्य मंत्री श्री अनूप मिश्रा एवं राज्य मंत्री श्री हर्डिया ने सेहत संजीवनी वीडियो रथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 
ये वीडियो रथ ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारियां अगले एक माह तक प्रदान करेंगे। स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. मनोहर अगनानी ने आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने होशंगाबाद, मंडला एवं मंदसौर के क्षय अधिकारी डॉ. विनय दुबे, डॉ. आर.एल. बंसोड़ और डॉ. विजय छजलानी को श्रेष्ठ कार्य के लिये पुरस्कृत किया।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio