संस्कृति मंत्री द्वारा धरोहर प्रतियोगिता में बच्चों को पुरस्कार वितरित
संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि पुरातात्विक महत्व के स्थलों और कलाकृतियों का जिलेवार सर्वे कराया जा रहा है। इसे पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा और इनके संरक्षण की व्यवस्था की जाएगी। श्री शर्मा आज यहां राज्य संग्रहालय में बाल उत्सव धरोहर प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरित कर रहे थे।
संस्कृति मंत्री ने कहा कि हमें विशेषकर नई पीढ़ी को देश के सांस्कृतिक पुरातात्विक वैभव को जानना चाहिये। हमारा गौरवशाली और समृद्ध इतिहास है। इसे जानकर हमारा गौरव बढ़ेगा। उन्होंने धरोहर प्रतियोगिता की सराहना की । इस प्रतियोगिता में भोपाल सहित विभिन्न स्कूलों के साथ ही संभाग के सीहोर, रायसेन, विदिशा, बैतूल, हरदा आदि जिलों के बच्चों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाओं के प्रबंधकों को विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक धरोहर और पुरातत्व स्थलों का भ्रमण कार्यक्रम आयोजित कराना चाहिये।प्रतियोगिता के अन्तर्गत राज्य संग्रहालय द्वारा स्कूलों के प्रबंधन के सहयोग से बच्चों को सग्रहालय की कला वीथिका का भ्रमण कराया गया। बच्चों में धरोहरों के प्रति जागृति बढ़ाने के लिए चित्रकला, गायन, निबंध और नृत्य की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में 6 से 8 वर्ष की कक्षा के बच्चों के लिए विषय मेरा शहर भोपाल और 9 से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विषय भोपाल की ऐतिहासिक इमारतें रखा गया था। विभिन्न प्रतियोगिता में विजयी प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को संस्कृति मंत्री ने प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किये।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव संस्कृति श्रीमती आभा अस्थाना और संचालक पुरातत्व श्री मनोज गोविल भी उपस्थित थे। श्री गोविल ने बताया कि स्कूलों में हेरीटेज क्लब बनाने की योजना है। कार्यक्रम में बच्चों ने आकर्षक शास्त्रीय गायन, नृत्य, समूह नृत्य प्रस्तुत किये।
0 comments:
Post a Comment