जो देखभाल करेंगे वहीं बनेंगे पार्क - श्री गौर
नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने आज यहां बाग सेवनिया एवं बाग मुगालिया जाटखेड़ी अयोध्या बस्ती में प्रोजेक्ट 'उत्थान' के तहत किये जा रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया। शहरी गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत इन गरीब बस्तियों के प्रत्येक घर में
पक्का शौचालय, बस्ती में सीमेन्टेड सड़कें, नालियां, पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइनें और पार्क बनाये जा रहे हैं। ब्रिटिश सरकार द्वारा वित्त पोषित इस योजना (डी.एफ.आई.डी.) के तहत इन बस्तियों में 11 करोड़ 74 लाख रुपये व्यय किये जा रहे हैं।श्री गौर ने आज बाग सेवनिया हाट बाजार का भ्रमण किया और वहां की सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए पुख्ता साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह को दिये। उन्होंने बाग सेवनिया में हाट बाजार के समीप खाली जमीन पर हाकर्स कार्नर बनवाने एवं हाट बाजार में पेयजल के माकूल इन्तजाम कराने के भी निर्देश दिये। बस्ती की महिलाओं ने पिछले एक माह से पर्याप्त पानी न मिलने की शिकायत श्री गौर से की। इस पर उन्होंने तत्काल झोनल अधिकारी को तलब कर प्रभावित बस्तियों में जाकर समस्या का समाधान करने को कहा।
श्री गौर ने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि सिद्धांतत: अब यह तय किया जाये कि अब उन्हीं बस्तियों में नये पार्क बनाये जायें जहां के रहवासी स्वयं पार्क का संधारण और देखभाल करने को तैयार हों। इसके लिये रहवासियों की समिति बनाई जायेगी।
नगरीय प्रशासन मंत्री श्री गौर ने बाग मुगालिया नई बस्ती में निर्माणाधीन बस स्टैण्ड के काम का भी अवलोकन किया तथा इसी बस्ती में नगर निगम द्वारा निर्मित उद्यान का भी अवलोकन किया तथा समिति के सदस्यों से कहा कि वे उद्यान में पौधरोपण कर पार्क को सजायें और संवारें। इस बस्ती के प्रत्येक घर में पक्के शौचालय, सीवरेज लाइनें, पेयजल आपूर्ति लाइनें, सीमेन्टेड सड़कें, स्ट्रीट लाइट, नालियां बनाई जा रही हैं। बाग मुगालिया बस्ती में शहरी गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम उत्थान परियोजना के तहत 67 लाख एवं जाटखेड़ी अयोध्या बस्ती में 17 लाख रुपये के अधोसंरचना विकास के लिए स्थानीय रहवासियों की सलाह पर करीब 12 करोड़ के विकास कार्य किये जाने हैं। अयोध्या बस्तियों में बनाये गये पार्कों में पाथ-वे, झूले एवं फिसलपट्टियां लगाई जाना बाकी हैं।
श्री गौर ने इन्द्रपुरी एवं सतनामी नगर में नव-निर्मित पार्कों का भी अवलोकन किया। बाग सेवनिया में हाट बाजार के पास लगे हैण्डपम्प को उन्होंने चलवाकर भी देखा। भू-जल स्तर नीचे उतर जाने से हैण्डपम्प से देर में पानी निकलता है। भ्रमण के दौरान वार्ड नं. 52 की पार्षद श्रीमती चन्द्रमुखी यादव, पूर्व पार्षद श्री केवल मिश्रा, एस.डी.एम. श्री विकास मिश्रा, नगर निगम के अपर आयुक्त अभय वेडेकर, सिटी इंजीनियर श्री नन्दा तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
0 comments:
Post a Comment