मुख्यमंत्री ने ली आरुषि के स्वास्थ्य की जानकारी
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि इन्क्यूबेटर में जली बालिका आरुषि के उपचार की पूरी व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जायेगी। श्री चौहान ने कहा कि प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा को बालिका के उपचार की व्यवस्थाओं के लिये अधिकृत किया गया है।
स्वास्थ्य सचिव उन्हें इस काम में सहयोग करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान और श्रीमती साधनासिंह चौहान ने आज दोपहर में जवाहर चौक स्थित एक निजी अस्पताल जाकर वहां उपचारार्थ दाखिल कुमारी आरुषि के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कुमारी आरुषि को उपचार के लिये शीघ्र ही बाम्बे हास्पिटल, इन्दौर भेजा जायेगा। बाम्बे हास्पिटल में प्रख्यात प्लास्टिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. छजलानी बालिका की प्लास्टिक सर्जरी करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कुमारी आरुषि के उपचार की सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही उसके माता-पिता के लिये भी परिवहन, आवासीय और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा की जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमीदिया चिकित्सालय की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में आरूषि के जलने की घटना की जांच की जा रही है। चिकित्सालय के डीन द्वारा करायी जा रही इस जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध उपयुक्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, इस उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को चिकित्सालय के वार्ड का अवलोकन कर आवश्यक मरम्मत, सुधार और संधारण कार्य करवाने के निर्देश भी दिये गये हैं।

0 comments:
Post a Comment