Pages


Top Stories

Thursday, March 25, 2010

विशेष योगदान के लिये महिलाओं को सम्मानित करेगी राज्य सरकार

 विभिन्न क्षेत्रों में 10 नायिका अवार्ड्स-2010 वितरित
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं का सम्मान सम्पूर्ण नारी जाति और उनकी क्षमताओं का सम्मान है। मध्यप्रदेश सरकार शिक्षा, राजनीति, समाज सेवा, खेल, लेखन, कला, चिकित्सा, प्रशासन आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को एक-एक लाख रूपये के पुरस्कार से सम्मानित करेगी।
यह पुरस्कार योजना आगामी वर्ष से प्रारंभ होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहां समन्वय भवन में नवदुनिया समाचार पत्र द्वारा आयोजित समारोह में नायिका अवार्ड्स-2010 प्रदान कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारतीय समाज में प्राय: पुरूष ही नायक का भाव रखते हैं, जबकि पुरूषों के साथ ही महिलाएं भी विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक योगदान देते हुए नायिका की स्थिति में होती हैं। महिलाओं को भी पुरूषों के तरह सामाजिक सम्मान प्राप्त करने का अधिकार है। मध्यप्रदेश में स्थानीय निकायों में आधे स्थानों पर महिलाओं को आरक्षण की व्यवस्था से महिलाओं को सम्मान एवं कार्य का अवसर देने का कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर न सिर्फ राजनीति बल्कि अनेक क्षेत्रों में महिलाओं का विशेष योगदान सिद्ध हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज अवार्ड प्राप्त दस क्षेत्रों की नायिकाओं एवं पुरस्कार के लिये नामांकित अन्य महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि नवदुनिया ने महिलाओं को सम्मानित कर सराहनीय कार्य किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विज्ञापनों में नारियों के दुरूपयोग का विरोध करते हुए कहा कि खेल के मैदानों तक नारियों को प्रदर्शन की वस्तु बनाना अनुचित है। श्री चौहान ने कन्या भ्रूण हत्या के मामलों को सभ्य समाज के लिये दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जनसंख्या में स्त्री-पुरूष अनुपात का संतुलन बनाये रखने के प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में समाचार-पत्र पाठकों द्वारा चयनित नायिकाओं संजनासिंह राजपूत (कार्पोरेट क्षेत्र), सुप्रिया पांडे (बहादुरी), श्वेता मिश्रा (खेल), श्रुति अधिकारी (कला), सुनीता सिंह (प्रशासन), दिव्या शुक्ला (समाज सेवा), आशा शुक्ला (शिक्षा), विभा पटेल (राजनीति) और इंदिरा गोयल (आपकी पसंद-पुष्प प्रेम) को पुरस्कृत किया। डॉ. मृणालिनी गोरे (चिकित्सा) का पुरस्कार उनकी अनुपस्थिति में उनकी प्रतिनिधि ने ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अन्य नामांकित महिलाओं को भी स्मृति चिन्ह दिये।

प्रारंभ में नवदुनिया के समूह संपादक श्री उमेश त्रिवेदी ने आयोजन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि यह सम्मान समारोह महिलाओं के सपनों, संघर्षों और सफलताओं को पहचानकर उन्हें सम्मानित करने का प्रसंग है। इंदौर के बाद अब भोपाल में समाचार-पत्र की ओर से यह आयोजन सकारात्मक पत्रकारिता और सामाजिक कर्तव्य नाते किया जा रहा है। संयुक्त स्थानीय संपादक श्री गिरीश उपाध्याय ने आभार व्यक्त किया। समूह महाप्रबंधक श्री मनीष शर्मा एवं श्री जयदीप कर्णिक ने मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं श्रीमती साधना सिंह को प्रतीक चिन्ह भेंट किये। कार्यक्रम का संचालन विनय उपाध्याय ने किया। प्रारंभ में श्री उमेश त्रिवेदी, श्री गिरीश उपाध्याय एवं श्री सुनील भंडारी ने मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं श्रीमती साधना सिंह का स्वागत किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के विशेष-विशेषज्ञों ने प्रत्येक क्षेत्र के लिये चयनित नायिका के नाम की घोषणा की।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio