महिला पत्रकार संघ के श्रेष्ठ नागरिक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि सच्चे अर्थों में महिला सशक्तीकरण के लिये समाज की पुरूष प्रधान मानसिकता को बदलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही तथाकथित सभ्य समाज को महिलाओं के उत्पीड़न की रोकथाम और उनके सम्मान की रक्षा के साथ ही कल्याण के लिये भी आगे आना होगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज रात मन्नत मासिक पत्रिका और मध्यप्रदेश महिला पत्रकार संघ के तत्वावधान में श्यामला हिल्स स्थित आंचलिक विज्ञान केन्द्र के सभागार में आयोजित मन्नत श्रेष्ठ नागरिक सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सभ्य समाज में महिलाओं के प्रति अपराध के नये तरीके विकसित हो रहे हैं जो चिंतनीय है। श्री चौहान ने कहा कि महिलाओं का सम्मान एक दिन नहीं हर पल - हर क्षण होना चाहिये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का हमेशा सम्मान रहा है। उसको दोयम दर्जे का मानने की पिछले कुछ वर्षों की स्थिति ने देश और समाज का नुकसान किया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विज्ञापनों, होर्डिंगों और आई.पी.एल. जैसी खेल स्पर्धाओं में चीयर लीडर के रूप में महिलाओं के अमर्यादित प्रदर्शन को घोर आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के इस अमर्यादित चित्रण और प्रदर्शन के विरूद्ध समाज के अंदर से विरोध होना चाहिये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिलाओं के उत्थान और उनके सशक्तीकरण के लिये समाज में सक्रिय योगदान करने वाले लोगों को सम्मानित करने के उपक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहन के साथ ही अच्छा काम करने की प्रवृत्ति को भी बल मिलेगा।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पत्रकारगण सुश्री सुचांदना गुप्ता, श्री अनुराग उपाध्याय, श्री अमित जैन, श्री धनंजय प्रताप सिंह, श्री प्रकाश तिवारी, श्री रंजन श्रीवास्तव, श्री अजय खरे (सागर), श्री बी.के. शर्मा, श्री राधावल्लभ शारदा, श्री बी.एल. दिवाकर, श्री रामभुवन सिंह कुशवाह, श्री बालमुकुन्द भारती और समाज सेवी डॉ. जे.पी. पालीवाल को श्रेष्ठ नागरिक सम्मान से अलंकृत किया।
कार्यक्रम को मन्नत बाबा श्री हनुतश्री ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि स्त्री का सम्मान ही अध्यात्म का आधार है। महिला पत्रकार संघ की अध्यक्ष सुश्री अनुराधा त्रिवेदी ने स्वागत भाषण दिया। प्रारंभ में श्री चौहान, मन्नत बाबा, श्री वी.के. वाजपेयी और जनसम्पर्क आयुक्त श्री मनोज श्रीवास्तव ने भक्त हनुमान के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सुश्री त्रिवेदी और संघ की उपाध्यक्ष सुश्री रईसा मलिक, सचिव सुश्री शिफाली गुप्ता और सहसचिव सुश्री चन्द्रप्रभा सिसोदिया ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत और सम्मान किया। अंत में आभार प्रदर्शन सुश्री रईसा मलिक ने किया।
0 comments:
Post a Comment