Pages


Top Stories

Wednesday, February 24, 2010

भ्रष्टाचार मुक्त शासन व्यवस्था बनायेगी देश को उन्नत-मुख्यमंत्री

 देश में चलेंगी 11 लाख योग कक्षाएं-स्वामी रामदेव
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि योग और आध्यात्म के साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त शासन व्यवस्था भारत को विश्व के सबसे उन्नत राष्ट्र के रूप में विकसित करेगी। स्वामी रामदेव जैसे आधुनिक विवेकानन्द देश को नई पहचान दे रहे हैं।
स्वामी जी के प्रयासों से देश में नई लहर उठेगी और देश के टूटने जैसी नकारात्मक धारणायें स्वमेव समाप्त हो जायेंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज हिन्दी भवन में भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भ्रष्टाचार की समाप्ति के लिए बैंकिंग एवं करेंसी व्यवस्था में सुधार आवश्यक है। विशेषकर एक हजार एवं पांच सौ रुपये के नोटों का चलन औचित्य से परे है। आज चेक एवं ड्राफ्ट से भुगतान करने के साथ ही कदम-कदम पर एटीएम स्थित होने से कोई भी व्यक्ति आवश्यक धनराशि की व्यवस्था कर सकता है। बड़े नोटों के चलन पर प्रतिबंध से अवैधानिक आर्थिक लेन-देन की गतिविधियों को नियंत्रित करने में आसानी होगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रत्येक पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा अपना कर्तव्य भलीभांति करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि सत्ता में बैठे व्यक्तियों को भ्रष्टाचार से दूर रखने की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इसके साथ ही विधानसभा एवं लोक सभा के निर्वाचन संयुक्त रूप से कराने, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जैसे पदों के लिए प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया अपनाने और चुनावी व्यय के लिए राजनैतिक दलों को सरकार की ओर से निर्धारित राशि दिये जाने की जरूरत बतायी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इन मुद्दों पर पूरे देश में बहस हो और शीघ्र आवश्यक निर्णय लिया जाये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्वामी रामदेव जी के प्रयासों की सराहना की और मध्यप्रदेश सरकार की ओर से उनके रचनात्मक अभियान में पूरा सहयोग देने की बात कही।

स्वामी रामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें मध्यप्रदेश आने पर विशेष प्रसन्नता मिलती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान गांव में जाकर योग शिक्षक की भूमिका निभाने लगे हैं, यह जानकर उनकी प्रसन्नता बढ़ जाती है। योग जिनके लिए धर्म है, वो निश्चित ही जनकल्याण को सर्वोपरि मानता है। मध्यप्रदेश में शीघ्र ही पतंजलि योग पीठ की शाखा प्रारंभ की जायेगी। स्वामी रामदेव ने कहा कि पतंजलि समिति शीघ्र ही देश में एक लाख योग शिक्षकों के माध्यम से 11 लाख योग कक्षाओं के संचालन का कार्य करेगी। इसके अलावा समिति काले धन एवं भ्रष्टाचार पर नियंत्रण का उद्देश्य लेकर कार्य कर रही है। ब्रिटिश शासन की नीतियों का स्वतंत्र भारत में चलन समाप्त होना चाहिए। स्वामी रामदेव ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान का अभिनन्दन किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्वामी रामदेव के भोपाल आगमन को शुभ बताते हुए प्रदेश की जनता की ओर से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उद्योगपति एवं दैनिक भास्कर के प्रधान संपादक श्री रमेशचन्द्र अग्रवाल, गुफा मंदिर के महंत चंद्रमादास त्यागी एवं अनेक योग शिक्षक, योग साधक और पतंजलि समिति के पदाधिकारी उपस्थित थे।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio