Pages


Top Stories

Saturday, February 13, 2010

उप राष्ट्रपति डॉ.मोहम्मद हामिद अंसारी ने मप्र का प्राकृतिक सौन्दर्य निहारा

उप राष्ट्रपति  माण्डव की रूपायन कला दीर्घा 
उप राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद हामिद अंसारी ने सिटी ऑफ जॉय के नाम से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माण्डव के पुरा एवं प्राकृतिक सौंदर्य को निहारा। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सलमा अंसारी भी साथ थीं।उप राष्ट्रपति श्री अंसारी भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर से आज सुबह माण्डव पहुँचे। भोपाल से उनके साथ प्रदेश के सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री के.एल.अग्रवाल भी मांडव आये थे। माण्डव पहुँचते ही उप राष्ट्रपति ऐतिहासिक जहाज महल देखने गये। जिला प्रशासन द्वारा यहाँ प्राचीन स्मारकों की प्रदर्शनी भी लगायी गयी थी। 
उप राष्ट्रपति डॉ. अंसारी ने जहाज महल की स्थापत्य कला को देखा। जहाज महल के समीप ही उन्होंने उस चूना भट्टी को देखा जिसका चूना माण्डव के अनेक भवन बनाने में लगाया गया था। उन्होंने चूना भट्टी की तात्कालीन कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
डॉ.अंसारी यहाँ होशंगशाह का मकबरा, जामी मस्जिद भी देखने गये। उप राष्ट्रपति तथा उनकी पत्नी श्रीमती अंसारी प्रसिद्ध रानी रूपमती पवेलियन भी पहुँचे। उन्हें रानी रूपमती की रूचिपूर्ण इतिहास की जानकारी दी गयी। उन्होंने रानी रूपमती के महल से दिखाई देने वाले प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना की।

रूपायन कला दीर्घा

उप राष्ट्रपति डॉ.अंसारी इस एक दिवसीय प्रवास के दौरान माण्डव की रूपायन कला दीर्घा भी देखने गये । माण्डव में यह कला दीर्घा जिला पंचायत धार द्वारा संचालित की जा रही है। उपराष्ट्रपति ने कला दीर्घा में बनाये जा रहे बाग प्रिंट की विभिन्न डिजाईनों को बड़े गौर से देखा। 
अंसारी दम्पत्ति ने यहाँ अपने हाथों से वस्त्रों में बागप्रिंट के छापे भी लगाये। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दीपक सिंह ने बताया कि ग्रामीण कलाकारों एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के लिये नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नालॉजी नईदिल्ली द्वारा आधुनिक फैशन डिजाईनों का प्रशिक्षण दिया जाता है। 
इन कारीगरों को अनेक बड़े ब्रांडों के आर्डर भी इन संस्थानों द्वारा दिलाये जाते हैं। दुबई तथा चीन के इंटरनेशनल फेयर में गत वर्षों में शामिल हुये रूपायन दीर्घा के कलाकारों द्वारा श्री अंसारी दम्पत्ति का स्वागत किया गया। श्रीमती अंसारी को रूपायन कला दीर्घा की ओर से बाग प्रिंट की साड़ियाँ भी भेंट की गयीं।

विविध रंगों का संगम मध्यप्रदेश

उपराष्ट्रपति डॉ.अंसारी ने माण्डव में कहा कि मध्यप्रदेश कला, साहित्य, प्राकृतिक सौंदर्य के क्षेत्र में विविध रंगों का संगम है। उनकी माण्डव आने की बहुत समय से ख्वाहिश थी। यह आज पूरी हुयी है।

क्या इतनी जल्दी बन गये फोटो

उप राष्ट्रपति डॉ.अंसारी को जनसम्पर्क विभाग द्वारा माण्डव में उनकी यात्रा समाप्त होने के कुछ क्षण पहले ही फोटो एलबम भेंट किया गया। पर्यटन स्थली माण्डव में थोड़ी देर पहले तक चली इस यात्रा के फोटो देख डॉ. अंसारी ने पूछा कि क्या इतनी जल्दी फोटो तैयार हो गये। 
ज्ञात हो कि माण्डव में तत्काल कलर फोटो तैयार होने की व्यवस्था नहीं होने से संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा माण्डव में ही थर्मल कलर फोटो प्रिंटर भेजकर फोटो तैयार करने की व्यवस्था की गयी थी। डॉ.अंसारी को धार कलेक्टर श्री ब्रजमोहन शर्मा ने यह एलबम भेंट किया। उप संचालक जनसम्पर्क धार श्री अर्जुनसिंह सोलंकी भी मौजूद थे।

आत्मीय स्वागत

माण्डव पहुँचने पर उप राष्ट्रपति डॉ.अंसारी तथा उनकी पत्नी श्रीमती सलमा अंसारी का आत्मीय स्वागत किया गया। यहाँ सांसद श्री गजेन्द्र सिंह राजूखेडी, विधायक द्वय श्री राज्यवर्धनसिंह तथा श्री पाचीलाल मेढ़ा, संभागायुक्त श्री बसंत प्रताप सिंह ने उप राष्ट्रपति डॉ. अंसारी की अगवानी करते हुये आत्मीय स्वागत किया।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio