Pages


Top Stories

Saturday, February 13, 2010

भोजपुर उत्सव को और भव्य बनाया जायेगा

 भगवान शिव की कृपा से प्रदेश खुशहाल और समृद्ध बनेगा 
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भोजपुर उत्सव को और भव्य स्वरूप प्रदान किया जायेगा। श्री चौहान आज शाम यहां भोजपुर में भोजपुर उत्सव के शुभारंभ के बाद उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री सुन्दरलाल पटवा, भोजपुर क्षेत्र के विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा, संभागायुक्त श्री पुखराज मारू, कलेक्टर रायसेन श्रीमती सुनीता त्रिपाठी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना के बाद तीन दिवसीय उत्सव का शुभारंभ किया। श्री चौहान ने कहा कि भगवान शिव की कृपा से प्रदेश खुशहाल और समृद्ध बनेगा। उन्होंने भगवान शिव से किसानों की समृद्धि के लिये प्रार्थना की। श्री चौहान ने विधायक श्री पटवा की मांग पर घोषणा की कि औबेदुल्लागंज-भोजपुर मार्ग का 11.50 करोड़ रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण किया जायेगा। उन्होंने भोपाल-भोजपुर मार्ग को डबल लेन करने की भी घोषणा की। श्री चौहान ने कहा कि संस्कृति मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने इस उत्सव के लिये गंभीर प्रयास किये हैं। वे आज एक दुर्घटना में घायल होने के कारण यहां नहीं हैं। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री सुंदरलाल पटवा ने भगवान शिव से बारिश से किसानों को बचाने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से हम इस संकट से उबर जायेंगे।

उत्सव की शुरूआत शंख ध्वनि से हुई। मंदिर के पुजारी श्री महंत पवन गिरी ने शंख ध्वनि की। इसके बाद गायन और नृत्य की प्रस्तुति हुई। उत्सव को देखने के लिये भारी जनसमुदाय उपस्थित था। भोजपुर उत्सव में श्रेष्ठ गायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों का श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया। उत्सव के दूसरे दिन 13 फरवरी को शंख ध्वनि, मणिपुरी, मटकी, पुरुलिया छाऊ तथा सुश्री अनुराधा पौडवाल का गायन होगा।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio