Pages


Top Stories

Monday, February 22, 2010

केन्द्र सरकार मप्र को पर्याप्त कोयला दे -मुख्यमंत्री

अंतर्राष्ट्रीय कलार महासम्मेलन का आयोजन
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि केन्द्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश को निर्धारित कोयला आवंटन किया जाना चाहिये। उन्होंने प्रदेश में उत्पादित कोयले की प्रदेश में ही आपूर्ति किये जाने की मांग भी केन्द्रीय कोयला राज्य मंत्री से की। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहां लाल परेड ग्राउण्ड में केन्द्रीय कोयला राज्य मंत्री श्री श्रीप्रकाश जायसवाल की उपस्थिति में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कलार महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में विद्युत उत्पादन के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि आवश्यक मात्रा में कोयला न मिलने से ताप विद्युतगृहों की उत्पादन क्षमता प्रभावित हो रही है। वर्तमान में प्रदेश को मात्र 11-12 लाख टन कोयला दिया जा रहा है, जबकि आवश्यकता 17 लाख टन की है। प्रदेश में बड़ी मात्रा में कोयला उत्पादन के बावजूद केन्द्र सरकार से पर्याप्त आवंटन न होने से मध्यप्रदेशवासी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री जायसवाल के भोपाल आगमन का लाभ लेकर कलार महासम्मेलन में उनके समक्ष मध्यप्रदेश का पक्ष रखा और प्रदेश को कोयला आवंटन बढ़ाने की मांग की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर कलार समाज के आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि कलार समाज परिश्रमी और सेवाभावी समाज है। उन्होंने युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं समाज की प्रतिभाओं के सम्मान समारोह के लिए आयोजकों को बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर विशिष्ट सेवा सम्मान से श्री बनवारी लाल चौकसे, श्रीमती कल्पना राय, श्री मुकुल गुप्ता, श्री रामशरण चौकसे, श्री राजेश शर्मा, श्री आदित्य विक्रम पेठिया और श्रीमती गीता पेठिया को सम्मानित किया। पेठिया दम्पति की ओर से श्री पी.के. राय ने सम्मान ग्रहण किया।

केन्द्रीय मंत्री श्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि आज प्रत्येक समाज को वक्त की नब्ज पहचानना चाहिए। कलार समाज पिछड़े वर्ग में शामिल है और समाज बन्धुओं को पिछड़े वर्गों को दिए जा रहे आरक्षण एवं अन्य सुविधाओं का पूरा लाभ लेने के साथ ही उत्तरोत्तर प्रगति के प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संभव हो तो आर्थिक-सामाजिक उन्नति हासिल करने के पश्चात् आरक्षण की इच्छा का परित्याग भी कर देना चाहिए। श्री जायसवाल ने सम्मेलन में उपस्थित अभिभावकों से अपेक्षा की कि वह युग की चुनौती स्वीकार कर बच्चों को अति-योग्य बनायें और बच्चों की रुचि के अनुरूप उनके कैरियर पर ध्यान दें। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने श्रीमती उपमा राय, श्रीमती समीक्षा गुप्ता, श्री अखिलेश आर्य, श्री बसंतलाल शाह, श्री दिलीप जायसवाल, श्री प्रदीप जायसवाल एवं श्री अनुपम राय को 'समाज विभूति' स्मृति चिन्ह प्रदान किये।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री सुरेश पचौरी ने कहा कि कलार समाज को कुरीतियां समाप्त करने के संकल्प पर कार्य करते हुए समाज कल्याण के कार्यों में सक्रिय होना चाहिए। श्री पचौरी ने इस अवसर पर जानकारी दी कि कलार समाज के श्री हीरालाल ने डिप्टी कमिश्नर के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दीं और एक समय आठ जिलों के गजेटियर तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। समाज की ऐसी विभूतियों के कार्यों का स्मरण भी किया जाना चाहिए।

उद्योग मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन में प्रतिभागियों को परस्पर मन की सुंदरता देखकर आवश्यक निर्णय लेना चाहिए। सम्मेलन में जल संसाधन मंत्री जयंत मलैया, विधायक श्री दिलीप जायसवाल, श्री प्रदीप जायसवाल, ग्वालियर की महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, श्री अरविन्द मालवीय, श्री राजाराम सूर्यवंशी भी उपस्थित थे। प्रारंभ में आयोजक संस्था हैहय क्षत्रिय कल्चुरी समाज के संरक्षक श्री दिलीप सूर्यवंशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री जायसवाल, मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं अन्य मंत्रियों ने परिचय सम्मेलन के पश्चात विवाह-बंधन में बंधे युवक-युवतियों को बधाई दी। इसके पहले अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने भगवान सहस्त्रबाहु राजराजेश्वर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio