Pages


Top Stories

Sunday, February 14, 2010

क्षत्रिय समाज का इतिहास देश और समाज के लिये जीने का इतिहास

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि क्षत्रिय समाज का इतिहास देश और समाज के लिये जीने का इतिहास है। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान समस्याओं के समाधान में भी समाज सर्वश्रेष्ठ योगदान के लिये सक्षम है। श्री चौहान आज दोपहर स्थानीय रवीन्द्र भवन में आल इंडिया क्षत्रिय फेडरेशन के तृतीय वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय राष्ट्रीय कॉग्रेस के महासचिव श्री दिग्विजय सिंह भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने फेडरेशन की कार्यकारिणी में सक्रिय राजनेताओं को स्थान न देने के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजनीति कई दफा तोड़ने का काम करती है। समाज हमेशा जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने स्वयं के उदाहरण से बताया कि उन्हें बचपन से क्षत्रिय समाज के लोगों ने आगे बढ़ने में सहयोग किया।
इस संदर्भ में श्री चौहान ने बचपन में बुधनी तहसील के काशीपुर गांव के स्वर्गीय शंकरसिंह राजपूत, युवा मोर्चा के दिनों में श्री ब्रिजेन्द्र सिंह सिसोदिया, फिर श्री कप्तान सिंह सोलंकी और वर्तमान में श्री नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा उन्हें दिये जा रहे सहयोग का हवाला दिया।

श्री चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह को  मानवीय  गुणों से भरपूर व्यक्तित्व बताया। उन्होंने राजनैतिक दलबंदी से हटकर सबकी भरसक मदद करने की श्री सिंह की प्रवृत्ति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्री सिंह ने दुर्धटनाग्रस्त होने पर स्वयं उन्हें उपचार के लिये राजकीय विमान से मुंबई भिजवाया था।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के कल्याण को प्राथमिकता दी जानी चाहिये फिर चाहे वे किसी भी वर्ग या समाज के हों। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा इस संदर्भ में लागू योजनाओं के हवाले से कहा कि मध्यप्रदेश में जाति-धर्म की बजाय सबके कल्याण की योजनाएं बनायी जा रही हैं। कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम को जरूरी बताते हुए श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना इस दिशा में कारगर प्रमाणित हो रही है।

प्रारंभ में श्री चौहान ने सम्मेलन में आये देशभर के प्रतिनिधियों का मध्यप्रदेश में स्वागत किया। उन्होंने सममेलन के विचार- विमर्श के निष्कर्षों के अमल में राज्य सरकार के सहयोग की भी बात कही। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षत्रिय समाज के लिये आरक्षित भूमि के आवंटन में आ रही रूकावटों को भी दूर करने का आश्वासन दिया।

राज्य सभा सदस्य श्री कप्तानसिंह सोलंकी ने स्वागत भाषण दिया। फेडरेशन के महासचिव श्री राघव राजू ने फेडरेशन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। फेडरेशन के अध्यक्ष श्री चिन्नास्वामी राजू ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को स्मृति-चिन्ह भेंट किया। फेडरेशन की तमिलनाडु इकाई के श्री श्रीनिवास राजू और कर्नाटक इकाई के श्री केशव राजू ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में आंध्रप्रदेश इकाई की समारिका भी अतिथियों को भेंट की गयी।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio