तीन महीनों के लिए 20 हजार मे. टन, 12 रुपए प्रति किलो बेचेंगे
प्रदेश के सूखे से पीड़ित ज़िलों को राहत देने के लिए कोई 20 हजार 639 मे. टन गेहूँ आवंटित किया गया है। जनवरी से मार्च के तीन महीनों के लिए दिया गया यह गेहूँ 12 रुपए प्रति किलो के भाव पर केवल एपीएल कार्डधारियों को बेचा जाएगा।
सूखा प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी राजस्व विभाग के सर्वे के मुताबिक तैयार की गई है। केन्द्र सरकार से यह गेहूँ 1080 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदा गया है। ढुलाई, मजदूरी और पैकिंग खर्च समेत इसे 12 रुपए प्रति किलो के रियायती दाम पर एपीएल उपभोक्ताओं को बेचा जाएगा। तयशुदा नीति के तहत प्रत्येक एपीएल कार्ड पर अधिकतम 15 किलो गेहूँ उपलब्ध कराया जाएगा। इसी तरह वितरण की एन्ट्री संबंधित राशन कार्ड पर अनिवार्यत: की जाएगी। निर्देश के मुताबिक इस गेहूँ प्रदाय के बिक्री रजिस्टर और दस्तावेज अलग से तैयार कराए जाएंगे।रियायती दर के इस गेहूं के लिए संबंधित क्षेत्रों की उचित मूल्य दुकानों पर पृथक बोर्ड (फटक) लगाया जाएगा। इस पर पात्र हितग्राही समूह, पात्रता की दर और मात्रा का उल्लेख स्पष्टत: किया जाएगा। उचित मूल्य दुकानों के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर निगम, सहकारिता और विपणन संघ, स्वसहायता समूह और अन्य सरकारी, अर्द्धशासकीय संस्थानों के जरिए भी यह गेहूँ प्रदाय किया जा सकेगा। इन्हें भी तयशुदा शर्तों का पालन करना होगा।
कलेक्टरों को भेजे निर्देश में उनके जिले के लिए आवंटित खाद्यान्न का उठाव नागरिक आपूर्ति निगम के प्रदाय केन्द्र से करने को कहा गया है। उन्हें संबंधित उपभोक्ताओं को इसका वितरण सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है। इसी तरह क्षेत्र में इस बिक्री का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के लिए भी कहा गया है।
0 comments:
Post a Comment