Pages


Top Stories

Thursday, January 7, 2010

पुलिस कर्मियों को भाड़ा क्रय आधार पर आवास उपलब्ध कराने की योजना

  गृहमंत्री श्री गुप्ता द्वारा पुलिस आवास निगम की समीक्षा
गृहमंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने पुलिस आवास निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि पुलिस कर्मियों को भाड़ा क्रय आधार पर आवास उपलब्ध कराने के लिये एक योजना शीघ्र बनाई जाये। राज्य सरकार भी इस कार्य के लिये हर संभव मदद करेगी। 
उन्होंने पुलिस कर्मियों के आवासों के संधारण तथा उनमें व्याप्त समस्याओं को दूर करने पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया है। श्री गुप्ता ने केन्द्र शासन के पास लंबित धनराशि को भी शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिये।
श्री गुप्ता ने आज मंत्रालय में पुलिस आवास निगम की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में गृह राज्य मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा, प्रमुख सचिव गृह श्री राजन काटोच, निगम के अध्यक्ष अपर पुलिस महानिदेशक श्री नंदन दुबे और प्रबंध संचालक श्री एम.पी.द्विवेदी ने भाग लिया।
गृह मंत्री ने प्रमुख सचिव को निर्देश दिये कि विभिन्न निर्माण कार्यों के लिये दी जाने वाली प्रशासकीय स्वीकृति के लिये समय सीमा निर्धारित कर यह सुनिश्चित किया जाये कि इसमें किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि जिन पुलिस थानों के भवन निर्माण का कार्य पूरा हो जाता है उन्हें एक माह के भीतर अपने अधिकार में लेने के लिये पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया जाये। 
इससे निविदा में रखी गई शर्त के मुताबिक निर्माणकर्ता एजेंसी द्वारा दो वर्ष तक संधारण करने के प्रावधान का भी पूरा लाभ लिया जा सकेगा। भविष्य में भवन निर्माण के लिये बनाये जाने वाले प्राक्कलन में पूर्व निर्माण को हटाने की लागत भी शामिल की जाये ताकि इस कार्य में दूसरी एजेंसियों पर निर्भरता समाप्त हो।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2008-09 में निगम द्वारा लक्ष्य पूरा करते हुये 65 करोड़ रूपये के निर्माण कार्य पूरे किये और वर्ष 2009-10 में 68 करोड़ रूपये के कार्य करने का लक्ष्य है। भोपाल में नवीन पुलिस मुख्यालय भवन बन रहा है। भोपाल में मॉडल थाना भवन टी.टी. नगर में तथा पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत प्रशिक्षण संस्थान और फैकल्टी होस्टल का ग्राम भौंरी में निर्माण प्रस्तावित है। 
निगम के अध्यक्ष श्री नंदन दुबे और प्रबंध संचालक श्री एम.पी. द्विवेदी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों तथा राजधानी में चल रहे और प्रस्तावित कार्यों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिंगरौली और अलीराजपुर बनाये जा रहे है। वार्षिक योजना 2009-10 की 19 करोड़ 47 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति शासन से प्राप्त हो गई है।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio