Pages


Top Stories

Sunday, January 3, 2010

स्वर्णिम मध्यप्रदेश को समर्पित करें वर्ष 2010

मुख्यमंत्री श्री चौहान विभागवार करेंगे समीक्षा, नए वर्ष में
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शासकीय विभागों से वर्ष 2010 को स्वर्णिम मध्यप्रदेश की कल्पना को साकार करने के लिये समर्पित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को नए वर्ष में विकास कार्यों पर तेजी से अमल, निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने तथा मंथन की अनुशंसाओं पर अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। 
उन्होंने प्रत्येक विभाग को अगले वर्ष एक सुनिश्चित लक्ष्य अथवा प्राथमिकता कार्यक्रम तय कर उसे पूरा करने के लिए भी कहा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में मंत्रिमंडलीय सहयोगियों तथा सभी विभागों के प्रमुख सचिवों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए श्री चौहान ने कहा कि पिछले एक वर्ष में अधिकांश समय चुनावों की आचार संहिता लगे रहने के कारण शासकीय कार्य प्रभावित हुआ है। अब इस वित्तीय वर्ष के शेष तीन माहों में सभी विभागों को उपलब्ध बजट का उपयोग सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'आओ मध्यप्रदेश बनाएं' अभियान के लिए वे शीघ्र ही वन अधिकारों के पट्टों के वितरण की स्थल समीक्षा के साथ प्रदेश की यात्रा आरंभ करेंगे.  मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को पूर्व में दिए गए निर्देशों तथा घोषणाओं के संबंध में पालन प्रतिवेदन भेजने के भी निर्देश दे दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कल रविवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों से पृथक-पृथक चर्चा कर विभागीय गतिविधियों तथा समस्याओं की जानकारी प्राप्त करेंगे।
श्री चौहान ने कहा कि अनियमितताओं अथवा भ्रष्टाचार के प्रकरणों में पकड़े गए लोगों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को स्वयं प्रयास कर विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं का लाभ प्रदेश के हित में अधिकाधिक सुनिश्चित करने, सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने तथा उसका उपयोग आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि समाज के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों से संबंधित सामाजिक सुरक्षा तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं पर उचित अमल सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने ऐसी योजनाओं तथा कार्यक्रमों में लापरवाही के प्रकरणों पर नाराजगी प्रगट की तथा कहा कि ऐसे मामलों में दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित विभिन्न पंचायतों में लिए गए निर्णयों पर अमल की लगातार समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों को विभागीय मंत्रियों में सतत संवाद तथा मार्गदर्शन लेने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, जिससे विकास कार्यों की गति बढ़ाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंथन की अनुशंसाओं पर 14 विभागों में निर्णय लिये जा चुके हैं तथा शेष विभागों की समीक्षा कर उनके निर्णय भी इसी माह ले लिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष 2010-11 का बजट हमारी प्राथमिकताओं को प्रतिबिंबित करेगा और सभी विभागों के अगले वर्ष के कार्य उसी के अनुसार तय किए जायें। सीएम मॉनीटरिंग के तहत इन प्राथमिकताओं पर अमल की लगातार मॉनीटरिंग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों में जनहित में प्रक्रियाओं के सरलीकरण का काम शुरू हुआ है। किन्तु यह एक सतत प्रक्रिया है तथा इस दिशा में लगातार प्रयास जारी रखें जाएं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सभी विभाग काडर मैनेजमेंट की कार्यवाही को पूर्णता: दें। इस संबंध में अभी तक की गई कार्यवाही पर्याप्त नही है। सभी विभाग अपने प्रमुख पदों पर काडर मैनेजमेंट के अनुसार ही अधिकारियों की पदस्थापना करें और जहां आवश्यक हो वहां पदोन्नतियां की जाएं। उन्होंने कहा कि 31 जनवरी तक यह कार्य पूर्ण किया जाए।
पूर्व में मुख्य सचिव श्री राकेश साहनी ने नए वर्ष पर मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत करते हुए सभी विशिष्ट अधिकारियों में शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समय सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सतत् प्रयास करने की अपेक्षा की।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio