Pages


Top Stories

Tuesday, December 22, 2009

आंगनवाड़ी केन्द्र निर्धारित समय पर खोलें

महिला बाल विकास विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती रंजना बघेल ने सख्त निर्देश दिए है कि सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों को निर्धारित समय पर खोलें तथा अनिवार्य रूप से समय सारणी का पालन सुनिश्चित करे। श्रीमती बघेल रविवार को समन्वय भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्य स्तरीय बैठक को संबोधित कर रही थी। बैठक में प्रमुख सचिव श्रीमती टीनू जोशी, मध्यप्रदेश वित्त विकास निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती सुधा चौधरी, संचालक, महिला बाल विकास श्री गुलशन बामरा, अपर संचालक, महिला बाल विकास श्री एच.सी. अग्रवाल तथा जिलों से आए करीब तीन सौ अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्य बिन्दु
आंगनवाड़ी केन्द्र समय पर खोलें
अन्यथा सख्त कारवाई के लिए तैयार रहें
बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा, पौष्टिक आहार वितरण सुनिश्चति करें
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपर वाइजरों की समस्यायें सुने अफसर
कुपोषण कम करने नियमित ग्रामबार समीक्षा करें अधिकारी
मुख्यालय पर न रहने, कोर्ट से स्टे लेकर अवकाश लेने वालों पर सख्त होगा शासन
टेकहोम राशन कार्ड, गृह भेंट के रजिस्टर तैयार करने के निर्देश
आंगनवाड़ी बच्चों को ताजा भोजन प्रदाय सुनिश्चित करे
सांझा-चूल्हा द्वारा 'तीसरा मील' की निरंतर मॉनिटरिंग करें
कुपोषण से निपटने नवाचार अपनाएं
मंत्री द्वारा मंगल दिवसों, जागृति शिविरों, उषाकिरण योजना, पोषण आहार की विस्तृत समीक्षा
जिलों का रेगुलर निरीक्षण कर योजनाओं की समीक्षा करें अधिकारी
हर माह जिला स्तर पर अनिवार्य रूप से योजनाओं की समीक्षा करें
राज्य स्तरीय बैठक में तीन सौ अधिकारियों-कर्मचारियों ने भाग लिया
श्रीमती रंजना बघेल ने आंगवाड़ियों में खेल-खेल में शिक्षा देने, बच्चों को निर्धारित समय पर उपयुक्त एवं पौष्टिक आहार दिये जाये यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोषण पुर्नवास केन्द्र से निकलने के बाद बच्चों को नियमित ग्रोथ मॉनीटरिंग होना चाहिए। 
श्रीमती बघेल ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहायकिओं व सुपरवाइजरों को एक सेक्टर में एकत्रित कर उनकी समस्याओं को सुनने व समयबद्ध तरीके से काम को अंजाम देने के निर्देश दिये। उन्होंने कुपोषण की दर कम करने के लिए आंगनवाड़ियों की ग्रामवार समीक्षा करने व इस मामले में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए ताकि गलत व भ्रामक जानकारी लोगों तक न पहुंचे। श्रीमती बघेल ने उन अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है जो अपने मुख्यालयों पर नहीं रहते, जो समय पर अपनी ज्वाइनिंग नहीं देगें एवं कोर्ट से स्टे लेकर अवकाश पर रहते हैं।
महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती रंजना बघेल ने आंगनवाड़ी केन्द्रों पर भोजन व्यवस्था एवं एम.पी.स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डेव्हलमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से टेकहोम राशन के रूप में खाद्यान्न वितरण के जिलेवार जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्रों में टेकहोम राशनकार्ड तथा गृह भेंट कर रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए।
श्रीमती बघेल ने सांझा चूल्हा व्यवस्था के तहत आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों को ताजा पका हुआ भोजन निरंतर मिलने लगे, बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि तथा ग्रामीण स्तर पर जन सहयोग की बढोत्तरी हो सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सांझा चूल्हा के समूहों द्वारा तीसरा मील की व्यवस्था की भी निरंतर मानिटिरिंग पर जोर दिया।
महिला बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती रंजना बघेल ने कहा कि जो जिले कुपोषण की स्थिति से निपटने के लिए नवाचार अपना रहे है वे अन्य जिलों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने मंगल दिवसों, जागृति शिविरों, उषा किरण योजना, पोषण आहार आदि की भी जिलेवार जानकारी अधिकारियों से ली। 
श्रीमती बघेल ने जागृति शिविरों का आयोजन शासकीय भवनों में न आयोजित कर ग्रामों, मजरों-टोलो में करने को कहा। इन शिविरों में उन्होंने समाज सेवियों, दानदाताओं, जन-प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश उन्होंने संचालनालय के अधिकारियों को समय-समय पर जिलों का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला अधिकारियों से कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजरों, परियोजना अधिकारियों को हर माह होने वाली बैठक का दिन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रारंभ में महिला बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती रंजना बघेल ने दीप प्रज्जवलित कर बैठक का शुभांरभ किया। संचालक श्री गुलशन बामरा ने श्रीमती बघेल एवं प्रमुख सचिव श्रीमती टीनू जोशी को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio