Pages


Top Stories

Monday, November 23, 2009

एन.सी.सी. देशभक्त और अनुशासित नागरिकों की निर्माता

समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने में समाज आगे आये
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि एन.सी.सी. अनुशासित, देशभक्त, कर्मठ, ईमानदार और चरित्रवान नागरिकों की लम्बी श्रृंखला को तैयार करने का महत्वपूर्ण काम कर रहे है। श्री चौहान ने कहा कि 21वीं सदी में भारत के निर्माण के लिए ऐसे ही नागरिकों की जरूरत है। श्री चौहान आज दोपहर मेनिट के सभागार में 61वें एन.सी.सी. दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता वित्त मंत्री श्री राघवजी ने की।श्री चौहान ने स्वामी विवेकानन्द के हवाले से कहा कि असंभव कुछ नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि हम अपने लिये जीने के साथ ही कुछ नया, विशिष्ट और यशस्वी करने का लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रमपूर्वक उसे हासिल करने का यत्न करें। श्री चौहान ने सभी को एन.सी.सी. दिवस की बधाई दी और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कैडेट्स की प्रतिभा को सराहा।
श्री चौहान ने कहा कि देश हो या प्रदेश बिना अनुशासन के नहीं बन सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के साथ समाज को खड़ा कर नया प्रदेश बनाने के उनके आव्हान का आशय यही है कि अकेले सरकार कुछ नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि उनके विचार से पूरे मध्यप्रदेश को, पूरे समाज को, सभी वर्गों को, एक-एक नागरिक को सरकार के साथ खड़े होकर समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने के लिये आगे आना होगा। 
हम सभी को संकल्प लेना होगा अपना पूरा योगदान देने का। यह संकल्प होगा अपने-अपने कर्म क्षेत्र में, जो जहाँ है वहाँ, अपने दायित्वों के निष्ठा से निर्वहन का। किसान, मजदूर, कारीगर, डॉक्टर, इंजीनियर, महिलाओं, युवाओं सहित सबको जुटना होगा इस पवित्र काम में।
श्री चौहान ने कहा कि बार-बार के चुनाव देश और प्रदेश की प्रगति में अवरोधक है। उन्होंने लोकसभा और विधानसभा के चुनाव पांच साल में एक बार-एक साथ होने, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान से किये जाने और चुनाव खर्च के लिये स्टेट फडिंग करने के लिये संविधान संशोधन की जरूरत भी रेखांकित थी।
मुख्यमंत्री ने एन.सी.सी. में विद्यार्थियों की घटती रूचि पर चिन्ता प्रकट की। उन्होंने कहा कि एन.सी.सी. में विद्यार्थियों की रूचि बढ़ाने के लिये प्रोत्साहनकारी उपायों पर विचार भी जरूरी है।
एन.सी.सी. के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के उप महानिदेशक ब्रिगेडियर आर. विनायक ने एन.सी.सी. की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्पर्धाओं मे प्रदेश के कैडेट्स की उपलब्धियाँ भी रेखांकित की। श्री विनायक ने मुख्यमंत्री श्री चौहान और वित्त मंत्री श्री राघवजी को स्मृति-चिन्ह भी भेंट किये।
इसके पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान को एन.सी.सी. कैडेट्स ने गार्ड ऑफ आनर दिया। एन.सी.सी. कैडेट्स ने अतिथियों का पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ ही बैज भी लगाये।
एन.सी.सी. स्थापना दिवस समारोह में चौथी मध्यप्रदेश एन.सी.सी. र्गल्स और 13वीं एन.सी.सी. ब्वायज बटालियन के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों के साथ ही लोक और शास्त्रीय नृत्य पर केन्द्रित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। आभार प्रदर्शन ग्रुप कमांडर श्री राहुल चन्द्रा ने किया।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio