Pages


Top Stories

Monday, November 30, 2009

पर्यावरण बचाएं, सेहत बनाएं, साइकिल चलाएं-मुख्यमंत्री श्री चौहान

ग्लोबल वार्मिंग के खतरों से निपटने में  साइकिल आज भी सबसे उपयुक्त
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि पर्यावरण की रक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और डीजल- पेट्रोल की खपत कम करने के उद्देश्यों को साइकिल चलाकर प्राप्त किया जा सकता है। डीजल एवं पेट्रोल की खपत में कमी से विदेशी मुद्रा बचाना भी आसान है।मुख्यमंत्री श्री चौहान आज सुबह अपने निवास से प्रारंभ ग्रीन प्लेनेट बॉयसिकल राइडर्स एसोसिएशन, भोपाल और टाइम्स ऑफ इंडिया समूह द्वारा आयोजित साइकिल रैली का शुभारंभ कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे प्रदेश के प्रत्येक नागरिक से साइकिल चलाने का आग्रह कर रहे हैं। 
श्री चौहान ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के खतरों के दृष्टिगत छोटी दूरी के लिये साइकिल आज भी सबसे उपयुक्त दो पहिया माध्यम है। पांच-दस किलोमीटर तक आने-जाने के लिये साइकिल सर्वश्रेष्ठ वाहन है। श्री चौहान ने कहा कि उन्होंने गत वर्ष प्रति सप्ताह साइकिल से मंत्रालय जाने की शुरूआत की थी। 
इसका उद्देश्य आम जन तक मितव्ययता और स्वास्थ्य रक्षा का संदेश पहुंचाना भी था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रीन प्लेनेट बॉयसिकल राइडर्स एसोसिएशन के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने आज विश्व मोटापा विरोधी दिवस पर रैली के आयोजन को प्रासंगिक बताया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रीन प्लेनेट बॉयसिकल राइडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव उद्योग श्री सत्यप्रकाश एवं एसोसिएशन के अन्य सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री निवास से तात्या टोपे नगर स्टेडियम तक साइकिल रैली में हिस्सा लिया। स्टेडियम पहुंचने पर रैली का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रैली के मार्ग में नागरिकों द्वारा अभिवादन स्वीकार किया। स्टेडियम के निकट फूलमाला विक्रेताओं ने भी मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं रैली के सदस्यों का स्वागत किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री सत्यप्रकाश ने कहा कि सक्रिय जीवन शैली का संदेश देने के लिये एसोसिएशन द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। साइकिल रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, खेल संगठनों के सदस्यों और नागरिकों ने उत्साह से भागीदारी की।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio