Pages


Top Stories

Thursday, February 18, 2010

भ्रष्टाचार की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करें

समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव श्री वैश्य के निर्देश
मुख्य सचिव श्री अवनि वैश्य ने आज सागर में संभाग स्तरीय बैठक में संभाग में संचालित की जा रही विभिन्न विकास गतिविधियों तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला कलेक्टर सुनिश्चित करें कि भ्रष्टाचार की प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही हो। भ्रष्टाचार की शिकायतों पर की गई कार्यवाही की निरंतर समीक्षा की जाएगी और इसमें कोई लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य सचिव श्री वैश्य ने कहा कि स्वच्छ व पारदर्शी प्रशासन देना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के जिलों के विकास के लिये 3760 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की डी.पी.आर. राज्य शासन द्वारा केन्द्र शासन को भेज दी गयी है और अतिशीघ्र यह राशि भी मिल जाएगी। उन्होंने विकास कार्यो की राशि का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित कराने पर बल देते हुए कहा कि आगामी दो वित्तीय वर्षो में व्यय के लिये 3760 करोड़ रूपये की राशि अभी पर्याप्त होगी। मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों से कहा कि जिलों में होने वाले विकास और निर्माण कार्यो की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए।

स्थानीय कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में संपन्न इस समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री आर. परशुराम, राहत आयुक्त एवं राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव श्री एम.एम. उपाध्याय, राज्य शिक्षा केन्द्र के आयुक्त श्री मनोज झालानी, सागर राजस्व संभाग के आयुक्त श्री एस.के. वेद, पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज श्री अन्वेष मंगलम, पुलिस उप महानिरीक्षक सागर श्री आर.के. गुप्ता, जिला कलेक्टर सागर श्री मनीष श्रीवास्तव, कलेक्टर छतरपुर डॉ. ई. रमेशकुमार, कलेक्टर टीकमगढ़ श्री अखिलेश श्रीवास्तव, कलेक्टर दमोह श्री आर.ए. खंडेलवाल, कलेक्टर पन्ना श्री अजित कुमार, मुख्य वन संरक्षक द्वय, पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के क्षेत्र संचालक सहित संभाग के जिलों के पुलिस अधीक्षक, वन मंडल अधिकारी तथा जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों से कहा किरोजगार गारंटी योजनाओं से अधिकाधिक जरूरतमंद श्रमिकों को रोजगार दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य सचिव श्री अवनि वैश्य ने सागर राजस्व संभाग में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने खासकर पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में स्थित पुरातात्विक महत्व के स्थलों के प्रति पर्यटकों को आकर्षित करने के लिये प्रयास करने को कहा। मुख्य सचिव ने विश्व विख्यात पर्यटक स्थल खजुराहों से संबंधित गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

संभाग कमिश्नर श्री एस.के. वेद ने बैठक में जानकारी दी कि बुन्देलखंड विकास पैकेज के तहत संभाग में जल संवर्धन और सिंचाई सुविधाओं के विकास के कामों को प्राथमिकता से लिया गया है और इन पर 1100 करोड़ रूपये खर्च करने की कार्ययोजना बनाई गई है।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio