Pages


Top Stories

Wednesday, February 24, 2010

साहसी महिलाओं का गृह मंत्री द्वारा घर जाकर सम्मान

नौकरों तथा किरायेदारों का पूर्ण विवरण निकटतम पुलिस थाने में दर्ज कराएँ 
गृह मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने कल रचना नगर में लुटेरों को साहसपूर्वक धर दबोचने वाली श्रीमती नीता अग्रवाल और श्रीमती सपना अग्रवाल का आज उनके घर जाकर सम्मान किया। उन्होंने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और उनके द्वारा किये गये वीरतापूर्ण कार्य की सराहना की।
श्री गुप्ता ने कहा कि दोनों महिलाओं का कार्य प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि श्रीमती नीता अग्रवाल और श्रीमती सपना अग्रवाल का सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया जायेगा।

श्री गुप्ता ने प्रदेश के लोगों से अपील की कि वे अपने घर में अथवा संस्थान में काम करने वाले नौकरों तथा किरायेदारों का पूर्ण विवरण निकटतम पुलिस थाने में अवश्य दर्ज करायें जिससे इस तरह की घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। उल्लेखनीय है कि इस घटना में दो लुटेरों में से एक श्री के.सी. अग्रवाल की संस्थान में काम करता था।

इस दौरान यह बात सामने आई कि पुलिस द्वारा शुरू की गई बीट व्यवस्था से इन लुटेरों को पकड़ने में बहुत मदद मिली है। बीट वाले पुलिसकर्मियों के फोन नम्बर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित होने के कारण स्थानीय लोगों ने तत्काल इन नंबरों पर पुलिसकर्मियों को सूचना दी और उन्होंने त्वरित कार्यवाही की। श्री गुप्ता ने त्वरित कार्यवाही करने वाले कांस्टेवल जगदीश विश्वकर्मा और दिग्विजय सिंह को भी सम्मानित किया।

श्री गुप्ता ने इस अवसर पर 9 वर्षीय बेबी मुस्कान अग्रवाल का भी सम्मान किया जिसने तत्काल सभी जगह फोन लगा दिये। उन्होंने श्रीमती विजया रायकवार और श्रीमती कामिनी जैनाविना, सुश्री शैली जैनाविना और अपूर्व रायकवार का भी गुलदस्ता भेंटकर सम्मान किया। इन लोगों ने लुटेरों पर पत्थर फेंके और उन्हें पकड़ने में भरपूर मदद की। स्थानीय लोगों द्वारा कालोनी में स्थित होस्टल के विद्यार्थियों की आवंछित गतिविधियों की ओर ध्यान दिलाये जाने पर पुलिस अधिकारियों को इन गतिविधियों पर नियंत्रण करने के निर्देश दिये। श्री गुप्ता ने कहा कि इस घटना से यह सिद्ध होता है कि आम लोगों में जागरूकता और एकजुटता होने पर कोई भी अपराधी किसी घटना को अंजाम नहीं दे सकता।

इस अवसर पर आईजी भोपाल रेंज डा. शैलेन्द्र श्रीवास्तव, एसएसपी श्री आदर्श कटियार, एसपी श्री योगेश चौधरी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio