Pages


Top Stories

Monday, January 11, 2010

बाबा रामदेव जी आधुनिक विवेकानंद : मुख्यमंत्री श्री चौहान

'मध्यप्रदेश नये भारत के निर्माण के अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ेगा'
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्वामी रामदेव जी आधुनिक विवेकानंद हैं। उनके मानव स्वास्थ्य रक्षा के अभियान का पूरा लाभ समाज को मिलेगा। श्री चौहान ने आज हरिद्वार में पतंजलि योग पीठ द्वारा फूड एवं हर्बल पार्क के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मनुष्य असीमित शक्तियों का भण्डार है।

कोई कार्य ऐसा नहीं जो मनुष्य न कर सके। बाबा रामदेव जी जिस भारत का निर्माण करना चाहते हैं उसमें प्रत्येक नागरिक को भागीदार बनना चाहिए। श्री चौहान ने कहा कि भारत माता अपने नागरिकों की ओर आशा भरी निगाह से देख रही है। बाबा रामदेव जी के नेतृत्व में प्रारंभ नए भारत के निर्माण के महाअभियान में मध्यप्रदेश सक्रिय भागीदारी करते हुये अग्रणी होना चाहता है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जैसी संस्थाओं से आशान्वित हुआ जा सकता है। आज इस ट्रस्ट के गठन की पहली वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बाबा रामदेव को बधाई देते हुये कहा कि मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाने के लिये वे 26 जनवरी से यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं। इस यात्रा में स्वाभिमान न्यास के सदस्यों की उपस्थिति में योग की शुरूआत के साथ गांवों में रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों से बातचीत होगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि देश की वर्तमान चुनाव पद्धति और राजनैतिक दलों की सोच में विकृति दिखाई देती है। चुनावी चंदे पर भी प्रतिबंध होना चाहिए। इसके अलावा आम नागरिकों के बारे में राजनैतिक दलों को अधिक संवेदनशील और गंभीर होने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वर्तमान भौतिक युग में मनुष्य तटस्थ और निरपेक्ष होकर कार्य करे, यह आवश्यक है। यदि व्यक्ति गुटबाजी एवं मतभेदों से मुक्त रहे, समूह से हटकर प्रत्येक को समान माने, अहंकार न पाले, धैर्य के साथ अपना कार्य करे और विपत्तियों से न घबराकर उत्साह से परिपूर्ण रहे, तो नये समाज की रचना हो सकती है। हमें सात्विक भाव से कार्य करते हुए नया भारत गढ़ना है।
समारोह में पतंजलि योग पीठ के बाबा रामदेव महाराज और अन्य विशिष्ट अतिथियों सहित मुख्यमंत्री श्री चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी उपस्थित थीं।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio