सभी जिले तैयार हैं सूर्य नमस्कार के लिए
स्वामी विवेकानंद जयंती पर 12 जनवरी को घोषित युवा दिवस पर प्रदेश के सभी जिलों की शिक्षण संस्थाओं में सबेरे 9 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार व प्राणायाम का आयोजन होगा। इसके पूर्व सबेरे 8.30 बजे से विद्यार्थियों के एकत्रित होने का सिलसिला प्रारंभ होगा।सूर्य नमस्कार
पहला आयोजन - 25 जनवरी, 2007
दूसरा आयोजन - 12 जनवरी, 2008
तीसरा आयोजन - 21 जनवरी, 2009
चौथा आयोजन - 12 जनवरी, 2010
एक करोड़ से अधिक छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक आदि सामूहिक सूर्य नमस्कार करेंगे। जिलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार संबंधी तैयारियों को आज अंतिम रूप दे दिया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल स्थित आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.टी. नगर में तथा स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस अपने गृह जिले बुरहानपुर के लालबाग मार्ग स्थित सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूली बच्चों के साथ सूर्य नमस्कार करेंगी। अन्य सभी जिलों में प्रभारी मंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक अथवा जन-प्रतिनिधि छात्र-छात्राओं के साथ सूर्य नमस्कार के महा आयोजन में भाग लेंगे। मॉडल स्कूल में स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती स्नेहलता श्रीवास्तव, सचिव स्कूल शिक्षा एवं आयुक्त राज्य शिक्षा केन्द्र मनोज झालानी और आयुक्त लोक शिक्षण श्री बी.आर. नायडू भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। राज्य शिक्षा केन्द्र के अपर मिशन संचालक श्री चन्द्रहास दुबे, तुलसी नगर स्थित नवीन कन्या विद्यालय में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रदेश में चल रही ठंड को देखते हुए सूर्य नमस्कार के लिए छात्र-छात्राओं को सबेरे साढ़े आठ बजे स्कूल में एकत्रित होने को कहा गया है। सहभागियों को तैयारियों की सूचना देने के बाद उद्घोषक कार्यक्रम की भूमिका बताएंगे। अतिथि आगमन आदि के बाद प्रात: 9 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन शुरू होगा, जो 10 बजे तक चलेगा। इस दौरान सबेरे 9.11 बजे वंदेमातरम, 9.17 बजे स्वामी विवेकानंद के भाषण का प्रसारण, 9.26 बजे से सामूहिक सूर्य नमस्कार, 9.40 बजे प्राणायाम तथा 9.59 बजे कार्यक्रम समापन होगा।
शासन द्वारा सूर्य नमस्कार का आकाशवाणी के सभी 14 प्राथमिक केन्द्रों से प्रसारण कराया जायेगा। आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में दिये जाने वाले निर्देश पर एक साथ लाखों लोग सूर्य नमस्कार करेंगे। बड़े स्तर पर होने वाला यह आयोजन हर वर्ष की तरह अनूठा व ऐतिहासिक इसलिये होगा कि इसमें लगभग एक करोड़ लोग एक साथ सूर्य नमस्कार करेंगे। आकाशवाणी से स्वामी विवेकानंद के शिकागो महासभा (अमेरिका) में दिये गये ऐतिहासिक भाषण का प्रसारण भी होगा। इस भाषण में स्वयं स्वामी विवेकानंद जी का आवाज है।
श्रीमती अर्चना चिटनीस
स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस ने आज बुरहानपुर से दूरभाष पर स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पुन: निर्देश दिये कि सूर्य नमस्कार के महा आयोजन में प्रायवेट स्कूलों, पॉलीटेक्निक, एग्रीकल्चर, वेटनरी व मेडिकल कॉलेजों को भी शामिल किया जाए। वहां अब तक क्या तैयारियां हुईं हैं, इसका पता लगाया जाए। जिन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों/हाई स्कूलों को योग क्रिया के लिए 2-2 हजार रुपये की राशि दी गई है, उसका अब तक क्या उपयोग हुआ, इसकी भी जानकारी एकत्रित की जाए। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार में भाग लेने वाले स्कूलों तथा विद्यार्थियों की संख्यावार जानकारी एकत्रित की जाए। श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि सूर्य नमस्कार करना स्वैच्छिक है फिर भी स्वास्थ्य लाभ की दृष्टि से इसमें छात्र-छात्राओं सहित सभी को भाग लेना चाहिए।
0 comments:
Post a Comment