Pages


Top Stories

Friday, January 15, 2010

प्रदेश में 37 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का उत्पादन

बीज प्रमाणीकरण के  दस संभागीय कार्यालय  कार्यरत
प्रदेश में प्रति हेक्टेयर कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिये किसानों को उनकी मांग के अनुरूप प्रमाणित बीज उपलब्ध कराये जाने के निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। प्रमाणित बीज के पंजीकरण के लिये मध्यप्रदेश राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था कार्य कर रही है।
कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिये 2008-09 में 37 लाख प्रमाणित बीज का उत्पादन
50 हजार से अधिक बीजों की प्रमाणिकता की जाँच
बीज प्रमाणीकरण के कार्य को जिला स्तर तक बढ़ाये जाने का प्रस्ताव
प्रदेश में पिछले वर्ष 2008-09 में प्रमाणित बीज उत्पादन किये जाने के लिये तीन लाख हेक्टेयर क्षेत्र पंजीकृत किया गया। पंजीकृत क्षेत्र में 37 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का उत्पादन किया गया। प्रदेश में बीज प्रमाणीकरण के लिये दस संभागीय कार्यालय इंदौर, सागर, ग्वालियर, भोपाल, खण्डवा, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, मंदसौर एवं होशंगाबाद में कार्यरत हैं। 
प्रमाणित बीज परीक्षण के लिये दो प्रयोगशालाएं इंदौर एवं जबलपुर में संचालित हो रही है। प्रदेश में बीज प्रमाणीकरण की एक मात्र संस्था से राष्ट्रीय बीज निगम, मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम, मध्यप्रदेश तिलहन उत्पादक सहकारी संघ मर्यादित, मध्यप्रदेश राज्य कृषि उद्योग विकास निगम, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, मध्यप्रदेश उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग, जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर, बीज उत्पादक सहकारी समितियां, महाराष्ट्र राज्य बीज विकास निगम एवं निजी संस्थाएं बीज प्रमाणीकरण का कार्य करा रही हैं।

राज्य में खरीफ सीजन 2008 में 2.34 लाख हेक्टेयर क्षेत्र का पंजीयन किया गया था जिसकी तुलना में इस वर्ष खरीफ सीजन 2009 में विभिन्न उत्पादक संस्थाओं की 2.72 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बीज प्रमाणीकरण के लिये पंजीयन किया गया। 
प्रदेश में खरीफ सीजन 2008 में बीज प्रमाणीकरण संस्था द्वारा लगभग 24 लाख क्विंटल बीज प्रमाणित कर खरीफ 2009 में किसानों को बोनी किये जाने के लिये उपलब्ध कराया गया। प्रदेश में रबी सीजन 2008-09 में लगभग 15.50 लाख क्विंटल असंसाधित बीज (रा सीड) का उपार्जन किया गया।

प्रदेश में किसानों को उपलब्ध कराये जाने वाले प्रमाणित बीज की मानकता की जांच संस्था की प्रयोगशाला में नियमित रूप से की जा रही है। पिछले वर्ष 50 हजार से अधिक बीज के नमूने लेकर उनकी प्रमाणीकता की जांच की गयी।

प्रदेश में प्रमाणित बीज की उपलब्धता को विस्तारित करने के उद्देश्य से संस्था का विस्तार जिला स्तर तक किये जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिले स्तर तक विस्तार होने के बाद किसानों को सुलभता के साथ प्रमाणित बीज उपलब्ध हो सकेगा।

0 comments:

Related Posts with Thumbnails
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio